घर में चल रहा था नशीले इंजेक्शन का अवैध कारोबार, सप्लायर समेत तीन गिरफ्तार; 29 इंजेक्शन जब्त

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

चंद्रपुर से देवनगर और रामानुजनगर तक जुड़ी सप्लाई की कड़ी, करीब 15 हजार रुपये के नशीले इंजेक्शन बरामद

सूरजपुर। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन की बिक्री और सप्लाई में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 29 नग नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद इलाके में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार को लेकर हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 17 नवंबर 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चंद्रपुर निवासी नंदकेश्वर साहू अपने घर में अवैध रूप से नशीले इंजेक्शन रखकर उनकी बिक्री कर रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध के घर की विधिवत तलाशी ली। इस दौरान पुलिस को एविल इंजेक्शन के 15 नग, आईपीपीएल इंजेक्शन के 6 नग तथा रेक्सोजेसिक इंजेक्शन के 8 नग सहित कुल 29 इंजेक्शन मिले। पूछताछ में नंदकेश्वर साहू ने बताया कि वह उक्त इंजेक्शन देवनगर निवासी रहमान और रामानुजनगर निवासी ममसाद अली उर्फ गुड्डा से खरीदकर लाया था।

इसके बाद पुलिस ने दोनों कथित सप्लायरों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने वाले व्यक्ति के साथ सप्लाई करने वाले दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 21(सी), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी

* नंदकेश्वर साहू (41 वर्ष) पिता जीतन साहू, निवासी चंद्रपुर देवल्लापारा, थाना सूरजपुर।

* ममसाद अली उर्फ गुड्डा (44 वर्ष) पिता रहमत अली, निवासी त्रिपुरेश्वरपुर डगमला, थाना रामानुजनगर।

* रहमान उर्फ अब्दुल रहमान (47 वर्ष) पिता स्व. मोहम्मद रमजान, निवासी देवनगर नवापारा।

इन पुलिसकर्मियों की रही सक्रिय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, पीएसआई नागेश कुमार, रूचि रजक, आरक्षक परमेश्वर राजवाड़े एवं रामेश्वर जगनायक की सक्रिय भूमिका रही।

 

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई