
भरत लाल गुप्ता
19 लोगों की जान लेने वाले उत्पाती हाथी पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, विशेष टीम ने ट्रेंकुलाइजर से बेहोश कर पहनाया रेडियो कॉलर
उदयपुर, सरगुजा। पिछले छह महीनों से अंबिकापुर-कोरिया वन मंडल क्षेत्र के 32 गांवों में दहशत का कारण बने जंगली हाथी ‘कबरा’ पर आखिरकार वन विभाग की विशेष टीम ने सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया है। हाथी की लगातार निगरानी और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए उसे रेडियो कॉलर पहनाया गया है। अब सैटेलाइट तकनीक के माध्यम से वन विभाग को उसकी लोकेशन की जानकारी हर घंटे मिलती रहेगी। इस सफलता से लंबे समय से भय के माहौल में जी रहे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
19 लोगों की मौत, घरों और फसलों को भी पहुंचाया नुकसान
बताया गया कि पिछले छह महीनों से हाथी ‘कबरा’ का आतंक 32 गांवों में बना हुआ था। उसके हमलों में 19 लोगों की जान चली गई, जबकि कई घरों, फसलों और अनाज के गोदामों को नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों की रातें जागकर पहरा देने में गुजर रही थीं। बच्चे स्कूल जाने से डर रहे थे और किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे थे।
कई दिनों की मशक्कत के बाद मिली सफलता
हाथी को नियंत्रित करने के लिए वन विभाग ने विशेष अभियान चलाया। इसमें वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पशु चिकित्सक, हाथी विशेषज्ञ और स्थानीय ट्रैकर शामिल थे। टीम कई दिनों से हाथी के पैरों के निशान, टूटे पेड़ों और ग्रामीणों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। घने जंगल और हाथी की लगातार बदलती लोकेशन के कारण अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
40 मीटर की दूरी से किया ट्रेंकुलाइजर डार्ट
अभियान के दौरान सोमवार को अनुभवी ट्रैकरों की मदद से हाथी की सटीक लोकेशन का पता लगाया गया। इसके बाद पशु चिकित्सकों की टीम ने करीब 40 मीटर की दूरी से ट्रेंकुलाइजर गन के जरिए डार्ट मारा। लगभग 11 मिनट में दवा का असर हुआ और हाथी शांत होकर बैठ गया। इसके बाद सावधानीपूर्वक उसे रेडियो कॉलर पहनाया गया।
सैटेलाइट से मिलेगी लोकेशन, गांवों को किया जाएगा अलर्
रेडियो कॉलर लगाने के बाद पशु चिकित्सकों ने हाथी के स्वास्थ्य की जांच की और शरीर पर लगी मामूली चोटों का उपचार किया। होश में आने के बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल की ओर छोड़ दिया गया। अब वन विभाग का कंट्रोल रूम कंप्यूटर और एंटीना सिस्टम के माध्यम से उसकी गतिविधियों पर नजर रखेगा। हाथी के किसी गांव की ओर बढ़ने की स्थिति में आसपास के ग्रामीणों को तत्काल अलर्ट किया जा सकेगा।
हाथियों के कॉरिडोर और जंगल में भोजन-पानी की व्यवस्था पर जोर
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथियों को मारना या दूसरे स्थान पर ले जाना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। जंगल में भोजन की कमी, मानव बस्तियों का जंगल की ओर विस्तार और हाथियों के पारंपरिक रास्तों में बाधा जैसे कारण मानव-हाथी संघर्ष को बढ़ाते हैं। इसे रोकने के लिए हाथी कॉरिडोर को सुरक्षित करने, जंगल में भोजन और पानी की उपलब्धता बढ़ाने तथा ग्रामीणों को जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।
वन विभाग की ग्रामीणों से अपील
अभियान की सफलता के बाद प्रभावित गांवों के लोगों में राहत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके नजदीक न जाएं, सेल्फी लेने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।






