

भरत लाल गुप्ता
**तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश के आसार, नदी-नालों में उफान और जलभराव की आशंका; प्रशासन अलर्ट मोड पर**
उदयपुर, सरगुजा। छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मौसमी परिस्थितियों के चलते अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश और हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अलर्ट में जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सरगुजा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिलों का उल्लेख किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
नदी-नालों में बढ़ सकता है जलस्तर, निचले इलाकों में खतरा
लगातार बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हो सकता है। वहीं शहरी इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था बाधित होने की संभावना है।
धान की फसल को लेकर किसानों की बढ़ी चिंता
बारिश की चेतावनी के बीच किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में धान की फसल तैयार होने के कारण लगातार बारिश से फसल को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें और उसे बारिश से बचाने के लिए तिरपाल आदि से ढककर रखें।
प्रशासन को सतर्क रहने की जरूरत
मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने पर जोर दिया गया है।
मौसम विभाग की अपील, इन सावधानियों का रखें ध्यान
मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान अनावश्यक घर से बाहर निकलने से बचें। नदी-नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं। बिजली के खंभों, खुले तारों और गिरे हुए पेड़ों से दूरी बनाए रखें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।





