जनजातीय विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर: नवोदय और एकलव्य विद्यालय प्रवेश परीक्षा की मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

ठक्कर बापा जयंती के अवसर पर 29 नवंबर से भारतीय आदिम जाति सेवक संघ की अनूठी पहल, देशभर के जनजातीय छात्र-छात्राएं उठा सकेंगे लाभ

लखनपुर, सरगुजा। जनजातीय समाज के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय आदिम जाति सेवक संघ, नई दिल्ली द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। संघ की ओर से आगामी 29 नवंबर 2026 को ठक्कर बापा जयंती के शुभ अवसर पर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा एवं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय चयन परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग प्रारंभ की जाएगी।

इस संबंध में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ, नई दिल्ली के अध्यक्ष प्रकाश उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑनलाइन प्रशिक्षण के लिए आवेदन लिंक जारी किया गया है। इच्छुक विद्यार्थी दिए गए ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण कराकर इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ उठा सकते हैं।

भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं छत्तीसगढ़ के संगठन सचिव सुरेन्द्र साहू ने बताया कि संघ की स्थापना वर्ष 1949 में हुई थी। संघ के प्रथम अध्यक्ष देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद थे। वर्तमान में संघ देशभर में जनजातीय समाज के उत्थान एवं विकास के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसके अंतर्गत आदिवासी विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों का संचालन, शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ बाल अधिकार एवं महिला अधिकारों के संरक्षण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग शुरू करने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं में प्रवेश पाने के लिए बेहतर तैयारी का अवसर प्रदान करना है, ताकि आर्थिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कोई भी विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन से वंचित न रहे।

सुरेन्द्र साहू की अभिभावकों से अपील

भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के संगठन सचिव एवं छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर के जनजातीय छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है। सभी पात्र विद्यार्थी ऑनलाइन प्रशिक्षण में अवश्य भाग लें और निर्धारित लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण कराएं, ताकि वे नवोदय एवं एकलव्य विद्यालय चयन परीक्षा की बेहतर तैयारी कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।

 

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई