

अनिल साहू
कल्याणपुर में हाथी की अचानक दस्तक से मचा हड़कंप, चंद सेकंड की देरी पड़ सकती थी भारी; ग्रामीणों में दहशत
सूरजपुर। जिले के ग्राम कल्याणपुर में एक बार फिर कबरा हाथी की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात करीब 4 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकले एक व्यक्ति पर अचानक हाथी की नजर पड़ गई। हाथी ने व्यक्ति की ओर दौड़ लगा दी।
अचानक सामने हाथी को अपनी ओर आते देख व्यक्ति ने जान बचाने के लिए पूरी ताकत से दौड़ लगाई और किसी तरह अपने घर के भीतर पहुंच गया। गनीमत रही कि वह समय रहते घर में दाखिल हो गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें रात के अंधेरे में हाथी को व्यक्ति की ओर दौड़ते और व्यक्ति को जान बचाकर घर में घुसते हुए देखा जा सकता है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में हाथी को लेकर भय और बढ़ गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि कबरा हाथी कब और किस रास्ते से गांव में पहुंच जाए, इसका कोई ठिकाना नहीं है। हाथी की अचानक मौजूदगी के कारण रात के समय घर से बाहर निकलना ग्रामीणों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।
वन्यजीवों की गतिविधियों को देखते हुए ग्रामीणों से रात में अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, सुनसान रास्तों पर जाने से बचने और जंगल से लगे क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।






