
अंबिकापुर ब्यूरो
विकासखंड लखनपुर में आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम की समीक्षा के लिए शुक्रवार को विभिन्न विभागों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में आकांक्षी ब्लॉक लखनपुर के जनपद पंचायत कार्यालय में सीईओ जनपद पंचायत श्री वेद प्रकाश पांडेय की मौजूदगी में शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, एवं पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई
। बैठक में जनपद अंतर्गत शिक्षा विभाग के हाई स्कूल एवं हायर सेकंडरी स्कूल के सभी प्राचार्यों के साथ आने वाले बोर्ड परीक्षा की तैयारियों पर चर्चा की गई।
साथ ही साथ शिक्षा संबंधी आकांक्षी ब्लॉक के सूचकों पर भी चर्चा की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग के सभी पर्यवेक्षकों व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से ब्लॉक में कुपोषण की दर और इससे पूर्ण निजात के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
इसी तरह कृषि एवं पशुधन विकास विभाग से भी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। पशुधन विकास विभाग अंतर्गत वर्तमान में गौवंशीय पशुओं के टीकाकरण के विषय में प्रगति की जानकारी ली गई।
बैठक का संचालन आकांक्षी ब्लॉक फेलो शुभिता शुक्ला ने किया।
बैठक में विकासखंड स्तरीय अधिकारियों सहित कुल 25 हाई स्कूल, हायर सेकंडरी स्कूल के प्राचार्य, आंगनवाड़ी सुरवाइजर एवं कार्यकर्ता उपस्थित हुए।






