

अनिल साहू
ट्रैक्टर हादसे के बाद बिगड़े हालात और प्रशासनिक लापरवाही पर गिरी गाज, संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने जारी किया निलंबन आदेश
सूरजपुर। जिले के बिहारपुर क्षेत्र के बहुचर्चित कुबेरपुर मामले में आखिरकार प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। संभागायुक्त सरगुजा नरेंद्र कुमार दुग्गा ने बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार करमचंद जाटवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद जिले के प्रशासनिक गलियारों में खलबली मच गई है।
ट्रैक्टर हादसे के बाद बिगड़े थे हालात
मामला 17 अक्टूबर 2026 का है, जब ग्राम कुबेरपुर में ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई थी। इस दौरान हालात को नियंत्रित करने में प्रशासनिक स्तर पर शिथिलता, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतने की बात सामने आई। इसी को आधार बनाकर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
वायरल ऑडियो ने भी बढ़ाई थी चर्चा
कुबेरपुर प्रकरण में प्रभारी तहसीलदार से जुड़ा एक कथित वायरल ऑडियो भी पूर्व में काफी चर्चा में रहा था। इस ऑडियो को लेकर स्थानीय स्तर पर कई सवाल उठे थे। अब निलंबन की कार्रवाई के बाद यह पूरा मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।
गंभीर कदाचार मानते हुए हुई कार्रवाई
संभागायुक्त द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारी के कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत तथा गंभीर कदाचार की श्रेणी में माना गया है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) 0 तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
अब उठ रहे हैं बड़े सवाल
कुबेरपुर की घटना के बाद हुई इस प्रशासनिक कार्रवाई को जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, इस पूरे प्रकरण में आगे प्रशासनिक स्तर पर और क्या कार्रवाई होती है, इस पर क्षेत्रवासियों की नजरें टिकी हुई हैं।




