

अनिल साहू
चेकबुक और एटीएम अपने कब्जे में रखकर रकम उड़ाने का आरोप
सूरजपुर। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाकर लाखों रुपये का लोन दिलाने और आधी राशि माफ कराने का झांसा देकर करीब 10 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को थाना प्रेमनगर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन पुलिस की सघन तलाश के बाद वह गिरफ्त में आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदननगर निवासी मोतीराम सिंह (42) ने 1 मई 2026 को थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही गोरेलाल सिंह ने वर्ष 2022 में किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 3 से 4 लाख रुपये का लोन दिलाने तथा आधी राशि माफ हो जाने का लालच दिया था। आरोपी ने मोतीराम और उसके पिता भुनेश्वर सिंह के संयुक्त बैंक खाते से दो अलग-अलग ऋणों के माध्यम से कुल 9 लाख 95 हजार रुपये निकलवा लिए।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने तीन लाख रुपये का लोन स्वीकृत होने की बात कहकर केवल एक लाख रुपये प्रार्थी को दिए, जबकि दो लाख रुपये स्वयं रख लिए। इसके बाद उसने चेकबुक और एटीएम कार्ड अपने कब्जे में रखकर खाते से शेष रकम भी निकाल ली और फरार हो गया।
मामले में थाना प्रेमनगर में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत धारा 420 एवं 120(बी) भादवि के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। सूचना मिलने पर करजी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने प्रार्थी के अलावा अन्य ग्रामीणों के साथ भी धोखाधड़ी कर रकम हड़पी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा साइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी गोरेलाल सिंह (48), निवासी चंदननगर, थाना प्रेमनगर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विराट बिशी, एएसआई सिप्रियन टोप्पो, प्रधान आरक्षक विनय किस्पोट्टा तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





