
अंबिकापुर ब्यूरो
आशिक खान

द्वारिकापुर के मां दुर्गा मंदिर में नवरात्रि पर उमड़ रही श्रद्धालुओं की आस्था, विजयादशमी पर होगा विशाल भंडारा
शतचंडी यज्ञ और श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से मिली धार्मिक पहचान, दूर-दराज से दर्शन के लिए पहुंचते हैं श्रद्धालु
रामानुजनगर — विकासखंड रामानुजनगर की ग्राम पंचायत द्वारिकापुर स्थित शतचंडी मां दुर्गा मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मां दुर्गा के दर्शन-पूजन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। आस्था, भक्ति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा यह मंदिर क्षेत्र के लोगों की श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बन गया है।
मंदिर के पुजारी पंडित श्री विनय दूबे ने बताया कि वर्ष 2022 में मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा एवं शतचंडी यज्ञ का आयोजन किया गया था। इसके बाद मंदिर की धार्मिक पहचान और अधिक मजबूत हुई। मंदिर परिसर में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित है, जहां श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।
विजयादशमी पर होगा विशाल भंडारे का आयोजन
मंदिर के संरक्षक श्री परमेश्वर यादव ने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं के साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य एवं ग्रामवासी मिलकर तैयारियों में जुटे हैं।
मंदिर के धार्मिक आयोजनों और व्यवस्थाओं में आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका है। समिति में रामअवतार सिंह, अमन, प्रतीक यादव, गजेंद्र राजवाड़े, सुरज साय सिंह, जय बाल सिंह, रामलाल साहू, रामलाल देवांगन, नानो बाई, बबिता सिंह, बुधानो बाई, निराशो सिंह, सुनील साहू, राधा साहू, पवन यादव, धनीराम, तुलसीराम यादव, श्यामलाल साहू, मनीष, नवीन दुबे एवं ओमप्रकाश सहित अन्य ग्रामवासी सहयोग कर रहे हैं।




