

नीरज साहू
फर्जी और अवैध धान पर कलेक्टर का जीरो टॉलरेंस,
खाद्य, मार्कफेड व सहकारिता अधिकारियों को कड़ी फटकार
किसानों को बिना परेशानी खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश
कोरिया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने जिले के 21 धान उपार्जन केंद्रों में चल रही खरीदी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। समय-सीमा बैठक से पहले आयोजित इस समीक्षा में कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों से सीधे सवाल-जवाब कर खरीदी की वास्तविक स्थिति जानी।
धान खरीदी केंद्रों की व्यापक समीक्षा, नोडल अधिकारियों से तीखे सवाल
कलेक्टर ने यह जानकारी ली कि अवैध या संदेहास्पद धान खरीदी केंद्रों तक पहुँचने पर किस प्रकार जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी पूछा कि धान लेकर आने वाले वाहनों और चालकों की फोटो अपलोड की जा रही है या नहीं, धान की गुणवत्ता परीक्षण कितनी पारदर्शिता से हो रहा है, तथा भूमि स्वामी के पट्टा, ऋण पुस्तिका और रकबा समर्पण की जांच कितनी सजगता से की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को किसी प्रकार की समस्या न आए, यह सुनिश्चित करना हर अधिकारी और समिति प्रबंधक की जिम्मेदारी है।
खाद्य, मार्कफेड और सहकारिता विभाग को फटकार-बारदाना कमी पर कलेक्टर नाराज़
समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने खाद्य, मार्कफेड और सहकारिता विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप धान खरीदी प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता और सुगमता के साथ संचालित किया जाना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी परिस्थिति में बारदाना की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी।
फर्जी और अवैध धान पर कार्रवाई, परिवहन पर सख्त निगरानी के निर्देश
कलेक्टर ने कहा कि सरकार किसानों के एक-एक दाने की खरीदी के प्रति प्रतिबद्ध है, परंतु फर्जी, बोगस और अवैध धान खरीदी पर पूर्ण विराम लगाया जाएगा।
उन्होंने 15 नवंबर से अब तक केंद्रवार खरीदी गई धान की मात्रा की भी जानकारी ली और कहा कि सभी एसडीएम और तहसीलदार फर्जी व अवैध धान बिक्री तथा परिवहन पर कड़ी नजर रखें।
साथ ही यह भी निर्देश दिया कि किसानों को बिल्कुल भी परेशान न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में संपन्न हों।
बैठक में अपर कलेक्टर सुरेंद्र प्रसाद वैद्य, डी.डी. मंडावी, संयुक्त कलेक्टर अमित गुप्ता, श्रीमती दीपिका नेताम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: neeraj kumar sahu
जिला प्रतिनिधि कोरिया





