

अनिल साहू
पंडित जवाहरलाल नेहरू को किया गया याद, बच्चों को ट्रॉफी, पेन एवं उपहार देकर किया गया सम्मानित
सूरजपुर/रामानुजनगर। माध्यमिक शाला चिटकाहिपारा कोट में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के प्रिय नेता पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पमाला अर्पित करके किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने बच्चों को तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच जगनारायण सिंह, शाला प्रबंध समिति के अध्यक्ष दिलकेश्वर सिंह, भूतपूर्व शिक्षक हुकुम सिंह सहित पालकगण, ग्रामवासी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे। इस दौरान प्रधान पाठक अशोक कुमार उपाध्याय, शिक्षक सुरेंद्र कुमार राजवाड़े, प्रधान पाठक फूल सिंह, सहायक शिक्षक लक्ष्मी ठाकुर, शिक्षक देव चंद सिंह एवं केसरी राजवाड़े की विशेष उपस्थिति रही।
उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के उत्साहवर्धन एवं उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से उन्हें ट्रॉफी, पेन सहित विभिन्न उपहार वितरित किए गए। वहीं बच्चों के लिए खीर, पूरी एवं अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई। उपहार एवं स्वादिष्ट पकवान पाकर बच्चों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला।
बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार एवं आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। शिक्षकों, पालकों एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित यह बाल दिवस समारोह बच्चों के लिए यादगार और आनंदमय बन गया।




