बाल दिवस पर रामानुजनगर के विभिन्न विद्यालयों मे विधिक आयोजन हुआ सम्पन्न

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

बाल दिवस पर रामानुजनगर के विद्यालयों में रही धूम, कहीं न्योता भोज तो कहीं बाल मेला का आयोजन

बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, केक काटकर मनाया उत्सव; कॉपी, पेन और मिष्ठान वितरित कर बच्चों को दी गई शुभकामनाएँ।

रामानुजनगर। बाल दिवस के अवसर पर विकासखंड रामानुजनगर के विभिन्न विद्यालयों में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कहीं न्योता भोज तो कहीं बाल मेला आयोजित कर बच्चों के लिए विशेष उत्सव का माहौल बनाया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया। विकासखंड के माध्यमिक शाला सोनपुर, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला बरबसपुर, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला पतरापाली, प्राथमिक शाला पीपरपारा तथा माध्यमिक शाला कैलासपुर में न्योता भोज का आयोजन किया गया। वहीं प्राथमिक शाला पंचवटी, माध्यमिक शाला पंपानगर एवं माध्यमिक शाला दवना में बाल मेला आयोजित किया गया। बाल मेले में बच्चों को तरह तरह के व्यंजन, भोजन के माध्यम से सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बाल दिवस की खुशियाँ साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों को कॉपी, पेन एवं मिष्ठान वितरित कर बाल दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं। शिक्षकों द्वारा बच्चों को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस एवं उनके जीवन परिचय के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह और बाल दिवस मनाए जाने के महत्व से परिचित कराया गया। विभिन्न विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को आनंदमय वातावरण प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। बाल दिवस के आयोजन ने विद्यालयों में उत्सव और उल्लास का वातावरण बना दिया।

Aashiq khan
Author: Aashiq khan