
नए आपराधिक कानूनों की जानकारी के साथ नशामुक्ति का दिया संदेश
थाना रामानुजनगर——— में जनजागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नशे से दूर रहने दिलाई गई शपथ
रामानुजनगर। आम नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों की जानकारी देने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से थाना रामानुजनगर परिसर में पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को कानून के प्रति जागरूक करने के साथ ही नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में पुलिस अधिकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन नए कानूनों ने पूर्ववर्ती भारतीय दंड संहिता (IPC), दंड प्रक्रिया संहिता (CrPC) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम का स्थान लिया है। नए कानूनों का उद्देश्य न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और नागरिकों के अनुकूल बनाना है। आम नागरिकों को इन कानूनों की मूलभूत जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों और कानूनी प्रक्रियाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
वहीं कार्यक्रम के दूसरे चरण में ‘नवजीवन अभियान – जिंदगी को हां, नशे को ना कहें’ के तहत नशामुक्ति को लेकर व्यापक जनजागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस दौरान ‘Say No To Drugs’ और ‘आओ नशामुक्त भारत बनाएं’ जैसे नारों के माध्यम से युवाओं को नशे के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि पूरे परिवार की खुशियां छीनने के साथ सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करता है। विशेषकर युवा वर्ग को नशे की गिरफ्त से बचाना आज समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए।



कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि कानून की जानकारी, सामाजिक जागरूकता और नशे के विरुद्ध सामूहिक संकल्प से ही सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर समाज का निर्माण संभव है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहभागी बनकर नशामुक्त समाज बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।



