पर्यावरण संरक्षण का संकल्प: उदयपुर में चंदन और फलदार पौधों से सजा शहर

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

‘एक पेड़, एक जिंदगी’ अभियान को उदयपुर में मिला जनसमर्थन, सैकड़ों चंदन व फलदार पौधे रोपे

उदयपुर। दैनिक भास्कर के पर्यावरण संरक्षण अभियान ‘एक पेड़, एक जिंदगी’ के तहत उदयपुर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एसडीएम न्यायालय, थाना परिसर, सर्किट हाउस एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय झिरमिट्टी सहित विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों चंदन एवं फलदार पौधे लगाए गए। अभियान में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी, शिक्षक, समाजसेवी एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत एसडीएम न्यायालय परिसर से हुई, जहां एसडीएम रामराज सिंह, वन विभाग के रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे एवं स्केरिच एजुकेशन के प्राचार्य रामप्रसाद गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर एसडीएम श्री सिंह ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वॉर्मिंग से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना है।

इसके बाद सर्किट हाउस उदयपुर परिसर में भी हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी कन्हाई राम बंजारा, निरंजन सिंह, उदरपाल राजवाड़े, प्राचार्य रामप्रसाद गुप्ता, भाजपा नेत्री कल्पना भदौरिया एवं भरत लाल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधों को पेड़ बनने तक उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

थाना परिसर में पुलिस ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी

उदयपुर थाना परिसर स्थित हनुमान मंदिर के समीप भी चंदन एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सिंह, थाना प्रभारी शिशिरकांत सिंह, प्रशिक्षु एएसआई भिखम साहू, अजय शर्मा, हेमंत लकड़ा, विजय मरावी, प्राचार्य रामप्रसाद गुप्ता एवं क्रांति रावत ने पौधे लगाए। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पौधों की नियमित सिंचाई एवं संरक्षण का जिम्मा भी लिया।

आत्मानंद विद्यालय में बच्चों ने सीखा प्रकृति संरक्षण का पाठ

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, झिरमिट्टी में अभियान के तहत सर्वाधिक पौधे लगाए गए। प्रभारी प्राचार्य ओमप्रकाश गुप्ता, शिक्षक अभिषेक सिंघल तथा छात्र-छात्राओं प्रतीमा, मनीषा, रागिनी, संतोषी, निधि, सोनम सहित विद्यालय परिवार ने मिलकर पौधरोपण किया। शिक्षकों ने कहा कि ऐसे अभियान बच्चों में बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं।

‘एक पेड़, एक जिंदगी’ समय की सबसे बड़ी जरूरत

कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सिंह एवं क्रांति रावत ने दैनिक भास्कर के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि “एक पेड़, एक जिंदगी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में दैनिक भास्कर के उदयपुर प्रतिनिधि परमेश्वर प्रजापति ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। अभियान को सफल बनाने में शिवशंकर गोस्वामी, वन विभाग के मलेश्वर सिंह पैकरा, राजेश कुजूर, इंद्रप्रसाद पैकरा सहित अनेक लोगों का सराहनीय योगदान रहा।

“सुबह की हवा, लाखों की दवा” के संदेश के साथ आयोजित यह अभियान उदयपुर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बन गया।

अभियान के तहत पुलिस थाना उदयपुर परिसर में थाना स्टाफ, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया। इस दौरान चंदन एवं फलदार पौधे लगाकर उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर