

अनिल साहू
केशवनगर की ममता कॉलोनी में महिला का शव मिलने से सनसनी, बेलटिकरी शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षिका बताई जा रही मृतका; दो दिनों के भीतर सामने आईं दोनों मौतों ने खड़े किए कई गंभीर सवाल
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक बार फिर सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। केशवनगर की ममता कॉलोनी में एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान एक शिक्षिका के रूप में बताई जा रही है, जो बेलटिकरी स्थित शासकीय स्कूल में पदस्थ थीं। इस मामले ने उस वक्त और गंभीर मोड़ ले लिया, जब पता चला कि महिला के बेटे का शव भी दो दिन पहले जिले की सीमा से लगे कालीघाट इलाके में मिला था।
पहले बेटे की मौत, अब मां का शव मिलने से गहराया रहस्य
एक ही परिवार के मां-बेटे की मौत से जुड़े इन घटनाक्रमों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दो दिन पहले बेटे का शव मिलने और अब मां का शव बरामद होने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। क्या दोनों मौतों के बीच कोई संबंध है? क्या यह महज संयोग है या फिर किसी गहरी साजिश का हिस्सा? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।
हत्या की आशंका, पुलिस जांच के बाद खुलेगा राज
मामले में हत्या की आशंका को लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों और दोनों घटनाओं के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वारदात के पीछे किसका हाथ है, घटना को किस वजह से अंजाम दिया गया और मां-बेटे की मौत का आपस में क्या कनेक्शन है—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच से स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सूरजपुर में फिर सनसनी, जांच पर टिकी निगाहें
मां-बेटे की मौत से जुड़े इस घटनाक्रम ने इलाके में चिंता और सनसनी का माहौल पैदा कर दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों से ही इस रहस्यमयी मामले की असल तस्वीर साफ हो सकेगी।






