

अनिल साहू
कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध खनिज परिवहन पर कसा शिकंजा
सूरजपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार खनिज विभाग एवं जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना अभिवहन पास परिवहन किए जा रहे चूना पत्थर गिट्टी से भरे तीन ट्रेलर वाहनों को जब्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खनिज अमला सूरजपुर द्वारा तहसील प्रेमनगर अंतर्गत थाना प्रेमनगर क्षेत्र में खनिज वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान तारा मुख्य मार्ग पर चूना पत्थर गिट्टी से लदे तीन ट्रेलर वाहनों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि उक्त वाहन जिला जांजगीर-चांपा स्थित क्रशरों से लोड होकर बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन कर रहे थे।
खनिज विभाग ने नियमानुसार तीनों वाहन मालिकों के विरुद्ध अवैध खनिज परिवहन का प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही जब्त वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना प्रेमनगर में सुरक्षार्थ रखा गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा खनन, परिवहन और भंडारण से प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। अवैध खनिज गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है तथा खनिज नियमों के उल्लंघन करने वालों को स्पष्ट संदेश मिला है कि जिले में अवैध गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






