

भरत लाल गुप्ता
औजारों, मशीनों और विद्युत उपकरणों की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति की कामना
सलका/उदयपुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 132/33 केवी पावर सब-स्टेशन सलका में भगवान विश्वकर्मा जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पावर हाउस परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
सुबह से ही पावर हाउस के कंट्रोल रूम, पैनल एवं यार्ड को रंग-बिरंगी झंडियों, फूल-मालाओं एवं बंदनवार से सजाया गया था। पूजा के दौरान औजारों, सुरक्षा उपकरणों, टेस्टर, प्लास, कंट्रोल पैनल, ट्रांसफार्मर सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों की विधिवत पूजा की गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नारियल, फल-फूल, अगरबत्ती एवं प्रसाद अर्पित कर विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन तथा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की कामना की।

इस अवसर पर जेई किशोर कुमार सिदार ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, शिल्प एवं तकनीकी कौशल का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि पावर हाउस जैसे संवेदनशील कार्यस्थल पर सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक कर्मचारी को श्रम, अनुशासन, सत्यनिष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
पूजा-अर्चना के पश्चात अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक आरती की और एक-दूसरे को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। पूरे पावर हाउस परिसर में दिनभर श्रद्धा एवं उत्साह का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम में समय लाल सिंह, जीवनलाल, किशोर कुमार सिदार, नरेश कुमार, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार चौधरी, महेश कुमार सिंह, सूरज कुमार, मिथिलेश कुमार, नीरज दास, करमजीत मिंज, राकेश कुमार एवं जयलाल सिंह सहित अभियंता, लाइन स्टाफ, ऑपरेटर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




