शिवनन्दनपुर नगर पंचायत एवं पंचायत उपचुनाव का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 85.13 प्रतिशत मतदान दर्ज

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

युवा और बुजुर्ग मतदाताओं में दिखा उत्साह, लोकतंत्र के पर्व में बढ़-चढ़कर की सहभागिता

अनिल साहू

सूरजपुर। नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के आम निर्वाचन 2026 तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 का मतदान रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। मतदान के दौरान मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नगर पंचायत शिवनन्दनपुर के 15 वार्डों में अध्यक्ष एवं पार्षद पदों के लिए मतदान कराया गया, जहां मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राप्त अंतिम आंकड़ों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 3952 मतदाताओं ने मतदान किया, जो कुल मतदाताओं का 85.13 प्रतिशत है। इनमें 1991 पुरुष (85.26 प्रतिशत) तथा 1961 महिला (85 प्रतिशत) मतदाता शामिल रहे।

वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के अंतर्गत जिले के चारों विकासखण्डों में विभिन्न पदों के लिए मतदान कराया गया। विकासखण्ड सूरजपुर की ग्राम पंचायत सिलफिली एवं अनुजनगर में पंच पद, भैयाथान की चुनगड़ी एवं लक्ष्मीपुर में जनपद पंचायत सदस्य पद, रामानुजनगर की परसापारा एवं सुमेरपुर में सरपंच तथा पंच पद, जबकि अक्षयपुर, सेन्दुरी एवं परशुरामपुर में जनपद पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान हुआ। प्रतापपुर विकासखण्ड की ग्राम पंचायत पहाड़करवां में सरपंच पद हेतु मतदान संपन्न कराया गया।

उप निर्वाचन के तहत कुल 2 जनपद पंचायत सदस्य, 3 सरपंच एवं 6 पंच पदों के लिए मतदान हुआ। चारों विकासखण्डों में कुल मतदान प्रतिशत 73.41 दर्ज किया गया, जिसमें 75.04 प्रतिशत पुरुष तथा 71.73 प्रतिशत महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान के दौरान युवा मतदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं बुजुर्ग मतदाता भी मतदान केन्द्रों तक पहुंचकर लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था का परिचय देते नजर आए।

मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिले के सामान्य प्रेक्षक श्री विनय कुमार अग्रवाल ने विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी जायसवाल सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे और मतदान केन्द्रों की सतत निगरानी करते रहे।

मतदान सम्पन्न होने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रेना जमील ने सभी मतदाताओं, निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों तथा सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर