सूरजपुर में बेलगाम अपराध पर कांग्रेस का बड़ा प्रहार, कानून-व्यवस्था सुधारने एसपी को सौंपा विस्तृत ज्ञापन

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

बेकाबू अपराध, बेखौफ बदमाश! चोरी-लूट, चाकूबाजी और नशे से दहला सूरजपुर

सूरजपुर। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और नशे के बढ़ते अवैध कारोबार को लेकर जिला कांग्रेस ने पुलिस अधीक्षक को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कठोर एवं व्यापक कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में कहा कि जिले में पिछले कुछ समय से चोरी, लूट, मारपीट, चाकूबाजी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध तथा नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार जैसी घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। इन घटनाओं से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है तथा नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं।

ज्ञापन में हाल ही में शहर के नेहरू पार्क क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गंभीर आपराधिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा गया कि इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर हुई इस वारदात से स्पष्ट है कि अपराधियों में कानून का भय कम होता जा रहा है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में अपराध की स्थिति और गंभीर हो सकती है।

कांग्रेस ने जिले के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के साथ-साथ युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन और अवैध कारोबार पर भी चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में कहा गया कि नशे का फैलता जाल युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने के साथ-साथ सामाजिक व्यवस्था के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। ऐसे में इस कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

  • जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
  • चोरी, लूट, चाकूबाजी एवं अन्य गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
  • नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
  • संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाए।
  • महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा अभियान संचालित किया जाए।
  • हिस्ट्रीशीटर एवं आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।
  • थाना स्तर पर आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
  • अपराध नियंत्रण के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर जनता का विश्वास बहाल किया जाए।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि जिले की वर्तमान परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए सभी मांगों पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि कानून का राज स्थापित हो, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें।

प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत करने तथा अपराध एवं नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर जिले में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करेगा।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक पारस नाथ राजवाड़े, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भगवती राजवाड़े, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष नरेश राजवाड़े, पूर्व जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष रामकृष्ण ओझा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अश्विनी सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र बंसल, विष्णु कसेरा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश साहू, संगठन महामंत्री भावना सिंह नेताम, शिवम साहू सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई