

भरत लाल गुप्ता
21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान बेच सकेंगे किसान, नए नियमों के तहत होगी खरीदी; पारदर्शी व्यवस्था और सीधे बैंक खाते में होगा भुगतान
उदयपुर/छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शासन की प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार प्रदेश में 15 नवंबर से नए नियमों के तहत धान खरीदी की जाएगी। इस वर्ष किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा। वहीं किसान प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेच सकेंगे। सरकार की इस व्यवस्था से प्रदेश के लगभग 27.50 लाख पंजीकृत किसानों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
धान खरीदी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए शासन ने खरीदी केंद्रों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों में बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, नमी मापक यंत्र, कंप्यूटर, इंटरनेट सहित किसानों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही खरीदी प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे और टोकन व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।
पंजीयन कराना होगा अनिवार्य
नई व्यवस्था के तहत धान बेचने के लिए किसानों का पंजीयन अनिवार्य रहेगा। जिन किसानों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, उन्हें नजदीकी सहकारी समिति, कृषि विभाग कार्यालय अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराने की सलाह दी गई है। इसके लिए भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।
सीधे बैंक खाते में पहुंचेगी राशि
शासन की व्यवस्था के अनुसार धान खरीदी की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और बिचौलियों की भूमिका पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। वहीं खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनियमितता रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने तथा शिकायतों के निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने की बात कही गई है।
किसानों को समय पर पंजीयन कराने की अपील
सरकार का कहना है कि छत्तीसगढ़ धान उत्पादक प्रदेश है और किसानों के हितों की रक्षा करना शासन की प्राथमिकता है। समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ खरीदी सीमा के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। शासन ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और धान खरीदी से संबंधित आधिकारिक दिशा-निर्देशों के अनुसार समय पर अपना पंजीयन कराएं।




