

अनिल साहू
सूरजपुर। जिले से एक गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां चोरी के शक में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज को ग्राम पस्ता के कुछ लोगों ने सोलर पैनल का तार चोरी करने के संदेह में बुलाया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने युवक के साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक को अर्धनग्न कर उसका सिर मुंडवा दिया, जूतों की माला पहनाई और “चोर” लिखी तख्ती लगाकर पूरे गांव में जुलूस निकाल दिया। इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित की शिकायत पर रामानुजनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं—296, 351(3), 115(2), 191(2), 133, 126 और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए विश्वनाथ सिंह (42), गोलचंद राजवाड़े (33), पूरन राम प्रजापति (42), रामसाय सिंह (54), कलेश्वर राम (45), बालसाय राजवाड़े (59), भज्जू सिंह (76), हीरासाय राजवाड़े (35) और हरवंश राजवाड़े (37) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी ग्राम पस्ता के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





