सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

*- कलेक्टर श्री एस. जयवर्धन की उपस्थिति में समस्याओं का किया गया निराकरण*

*- आवेदन का तत्काल निराकरण कर, आदित्य को प्रदाय किया गया मोटराइज ट्राइसाइकिल*

*- सुशासन तिहार अंतर्गत कुल 437 आवेदन हुए प्राप्त*

सूरजपुर। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज जिले के भैयाथान जनपद अंतर्गत ग्राम खोपा में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर एस. जयवर्धन की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराईं।

कलेक्टर एस. जयवर्धन द्वारा लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया। शिविर में जिलाधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभाग की योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इस सुशासन तिहार के दौरान जनपद से शिकायतों एवं समस्याओं को लेकर 437 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें आज शिविर में 102 आवेदन प्राप्त हुए। कुछ आवेदनों पर तत्काल निराकरण किया गया और अन्य आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए साथ ही कलेक्टर ने सभी लोगों से शिविर का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने का आग्रह किया।

इस दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमती शुलोचनी पैकरा, ठाकुर राजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य अनुज राजवाड़े,जनपद सदस्य योगेंद्र प्रताप सिंहदेव, महेंद्र सिंह मार्काे, सभी गांवों के सरपंच सहित जिले के समस्त अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कलेक्टर एस. जयवर्धन ने कहा कि लोगों की समस्याओं को जानने और उनके निराकरण के लिए इस शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि आज आपके गांव में शासन एवं प्रशासन तंत्र आपकी समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित हुआ है और लगातार प्रयास किया जा रहा है कि प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर समस्याओं का समाधान करे।

उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याओं को विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों के समक्ष रखें तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की जानकारी, लाभ या शिकायत के लिए संबंधित अधिकारी को अवगत कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका त्वरित निराकरण किया जाएगा। साथ ही सभी हितग्राहियों से अपनी शिकायतों एवं समस्याओं का पंजीयन कराने का आग्रह किया, ताकि उनकी स्थिति की सतत मॉनिटरिंग की जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि पंजीयन क्रमांक के माध्यम से पोर्टल पर आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकती है तथा इन पर नियमित समीक्षा बैठकों में चर्चा भी की जाती है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में कलेक्टर ने सभी को आधार कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की, जिससे वे शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने टीबी, सिकल सेल एवं कुष्ठ जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच एवं उपचार कराने की भी सलाह दी। साथ ही बढ़ते गर्मी और हीट वेव को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी से कम से कम एक पेड़ लगाने की अपील भी की।

इसके अतिरिक्त उन्होंने केसीसी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं सॉइल हेल्थ कार्ड के संबंध में जानकारी देते हुए किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। फौती नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों को लेकर कहते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का समय पर निराकरण किया जायेगा।

इस शिविर में पुलिस विभाग द्वारा साइबर फ्रॉड के संबंध में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया तथा सड़क सुरक्षा को लेकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने एवं चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई।

इस दौरान खोपा निवासी दिव्यांग आदित्य देवांगन पिता सुनील देवांगन द्वारा मोटराइज ट्राइसाइकिल की मांग पर तत्काल कार्यवाही करते हुए समाज कल्याण विभाग द्वारा उन्हें ट्राइसाइकिल प्रदाय किया गया।

इस दौरान परिवहन, स्वास्थ्य, मत्स्य, उद्यानिकी, कृषि, लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई), समाज कल्याण विभाग, विद्युत एवं राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई एवं प्राप्त शिकायतों के निराकरण की कार्यवाही की गई।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर