बारात से लौट रही पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी,2 की मौत, 12 घायल

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

उमझर घाट में भीषण सड़क हादसा: बारात से लौट रही पिकअप पलटी, 2 की मौत, 12 घायल

सूरजपुर /चांदनी बिहारपुर।जिले के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बारात से लौट रही लोगों से भरी एक पिकअप उमझर घाट के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बारात से लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहारपुर के पंडो परिवार के लगभग 30 महिला-पुरुष पिकअप वाहन (क्रमांक MP 66 G 0850) में सवार होकर ग्राम रसौकी एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात लौटते समय मोहरसोप चौकी अंतर्गत उमझर घाट के ढलान पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई।

मौके पर मची चीख-पुकार

वाहन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में सीता कुंवर पंडो और रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य सवारियां वाहन के नीचे दबने और सड़क पर गिरने से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।

अस्पताल में भर्ती, चार की हालत नाजुक

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया। 12 घायलों में से 4 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को पंचनामा कार्रवाई कर शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

लापरवाही पर उठे सवाल

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां भरी गई थीं। पहाड़ी रास्ते पर तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में असुरक्षित परिवहन और नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई