

इम्पैक्ट इंडिया सम्मिट 2026 में सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास के उत्कृष्ट कार्यों के लिए हुआ सम्मानित
भरत लाल गुप्ता
उदयपुर। सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति, उदयपुर (सरगुजा) को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। संस्था को मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित प्रीतमलाल दुआ ऑडिटोरियम में आयोजित “इम्पैक्ट इंडिया सम्मिट 2026” में श्रेष्ठ एनजीओ सम्मान पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया गया।

31 मई 2026 को आयोजित समारोह में भारत के विख्यात क्रिकेट कमेंटेटर सुशील दोसी, वरिष्ठ समाजसेवी राजीव शुक्ला एवं इम्पैक्ट इंडिया की संस्थापक ज्योति कुमारी के हाथों संस्था के सचिव कन्हाई राम बंजारा, कोषाध्यक्ष भरतलाल गुप्ता तथा सदस्य मनोहर प्रजापति को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 100 समाजसेवी संस्थाओं को भी उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
इम्पैक्ट इंडिया द्वारा सरगुजा जिले के दूरस्थ एवं पिछड़े क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, गौ संरक्षण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे निस्वार्थ एवं सराहनीय कार्यों को देखते हुए संस्था का चयन इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए किया गया। संस्था को मिले इस सम्मान से पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का माहौल है।

वर्ष 2009 में स्थापित एवं वर्ष 2012 से सक्रिय रूप से समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति ने शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण संरक्षण, युवा कौशल विकास, कृषि, पशुपालन तथा महिला आजीविका संवर्धन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। संस्था द्वारा स्वच्छ भारत मिशन, वन आधारित रोजगार, युवा नेतृत्व विकास एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों का सफल संचालन किया गया है। संस्था को पूर्व में नेहरू युवा केन्द्र संगठन द्वारा स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप एवं जिला युवा मंडल पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
संस्था के अध्यक्ष तपेसिया सिरदार ने कहा कि संस्था सरगुजा संभाग के वनांचल एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में बदलाव लाने के उद्देश्य से संस्था की टीम लगातार प्रयासरत है।

संस्था के सचिव कन्हाई राम बंजारा ने इस उपलब्धि को संस्था के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के वर्षों के समर्पण और सेवा का परिणाम बताते हुए इम्पैक्ट इंडिया सम्मिट के आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं संस्थापक एवं कोषाध्यक्ष भरतलाल गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान संस्था को समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए और अधिक समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
संस्था के सफल संचालन में अध्यक्ष तपेसिया सिरदार, सचिव कन्हाई राम बंजारा, कोषाध्यक्ष भरतलाल गुप्ता, मनोहर प्रजापति, संतोष जायसवाल, बीरबल राम, उदरपाल राजवाड़े, पारस राम मझवार, अमरनाथ सिरदार, इनिता यादव, सहोद्री पावले, श्यामकुवंर, कौशिल्या सिंह एवं बिंदो सिरदार सहित सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय रही है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





