

भरत लाल गुप्ता
विश्व पर्यावरण दिवस पर रामगढ़, सीता बेंगरा, जोगीमाड़ा एवं नेचर कैंप का भ्रमण कर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
उदयपुर / लखनपुर। समग्र शिक्षा के अंतर्गत आयोजित 15 दिवसीय पीएम श्री समर कैंप के पांचवें दिन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया। 1 जून से 15 जून तक संचालित इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक क्षमता के संवर्धन तथा प्रकृति, संस्कृति एवं इतिहास के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पीएम श्री शासकीय विद्यालय लखनपुर के विद्यार्थियों को विद्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों—सीता बेंगरा, जोगीमाड़ा, हाथी पोल, रामगढ़ तथा उदयपुर नेचर कैंप का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संवर्धन तथा प्राकृतिक धरोहरों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
इस दौरान वन विभाग द्वारा आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को मंच प्रदान किया गया, जहां पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिए गए। विद्यार्थियों को प्रकृति के संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने रामगढ़ की तराई में स्थित विश्व प्रसिद्ध सीता बेंगरा नाट्यशाला का अवलोकन कर भारतीय कला, संस्कृति और प्राचीन रंगमंचीय परंपराओं की जानकारी प्राप्त की। वहीं जोगीमाड़ा गुफाओं में प्राचीन भित्ति चित्रों का अध्ययन कर ऐतिहासिक विरासत के बारे में ज्ञान अर्जित किया।
विद्यार्थियों ने सीता बेंगरा के नीचे स्थित हाथी पोल का भी भ्रमण किया, जहां प्राकृतिक जल स्रोतों एवं भूमिगत जल निर्माण की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला। प्रकृति की गोद में स्थित इस स्थल ने विद्यार्थियों को पर्यावरणीय संतुलन और जल संरक्षण के महत्व से परिचित कराया।

इसके पश्चात उदयपुर स्थित नेचर कैंप में विभिन्न प्रकार की वनस्पतियों, औषधीय पौधों एवं जंगली जड़ी-बूटियों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को जैव विविधता एवं वन संपदा के संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर राम वन गमन पर्यटन परिपथ के सभाकक्ष में आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, उपसरपंच शेखर सिंह देव, पूर्व जनपद सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों से अपने प्रत्येक जन्मदिन पर कम से कम दो पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने का माध्यम है।
समर कैंप के सफल संचालन में भगवती सिंह, राज सिंह, पारुल सिंह, पुष्पा साहू एवं निशा सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने दिनभर विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करते हुए ज्ञान, अनुभव और प्रेरणा प्राप्त की।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




