

अनिल साहू
अनाज, कपड़े, भूसा और घरेलू सामान जलकर खाक, परिजनों ने जताई आगजनी की आशंका
अग्निशमन दल की तत्परता से टला बड़ा हादसा, रात के सन्नाटे में उठीं आग की लपटों ने परिवार को किया बेघर
सूरजपुर/ रामानुजनगर। विकासखंड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत पम्पापुर स्थित झारपारा मोहल्ले में रात्रि के समय लगी भीषण आग ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान घर में मौजूद 4 परिजनों सहित 2 छोटे बच्चों की जान बाल-बाल बच गई। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रात्रि लगभग 3:55 बजे उन्हें घर में आग लगने का पता चला। जब तक परिवार के सदस्य स्थिति को समझ पाते, तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी और घर के विभिन्न हिस्सों में धधकने लगी थी। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, लकड़ी, पशु चारा भूसा तथा अन्य जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग से परिवार को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह आग सामान्य दुर्घटना नहीं लगती। परिजनों ने आशंका व्यक्त की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है। उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
घटना के बाद पूरे झारपारा मोहल्ले में चिंता और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता एवं राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




