
*केशवपुर के तालाब में दिखा आदमखोर मगरमच्छ, गांव में दहशत*
*रामानुजनगर, सूरजपुर* सूरजपुर जिले के रामानुजनगर स्थित ग्राम पंचायत केशवपुर अहिरापारा के बाजार समीप स्थित तालाब में आज सुबह मगरमच्छ देखे जाने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
विदित हो कि रोज की तरह आज भी कई लोग सुबह तालाब परिसर पहुंचे थे।
तभी एक युवक की नजर तालाब किनारे बैठे मगरमच्छ पर पड़ी। युवक ने हिम्मत कर उसका फोटो भी ले लिया और गांव में सूचना दी।
खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण तालाब के पास जमा हो गए। तब तक मगरमच्छ पानी में चला गया। ग्रामीणों ने काफी देर तक तालाब किनारे बैठकर उसे देखने का प्रयास किया लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला।
तालाब के कच्चे तट पर मगरमच्छ के नाखूनों के निशान भी देखे गए हैं।
सूचना मिलने पर सरपंच श्रीमती रजमनिया सिंह एवं उनके पति मौके पर पहुंचे और रामानुजनगर वन विभाग को लिखित सूचना दी।
सूचना पर वन परिक्षेत्राधिकारी पूजा यादव अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंची और मुआयना कर ग्रामीणों को तालाब परिसर में न जाने की शक्त हिदायत देते हुए मुनादी करा दी है।





