

अनिल साहू
सूरजपुर। जिले में जर्जर सड़कों और जनसमस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सूरजपुर (ग्रामीण) ने बुधवार को जोरदार आंदोलन करते हुए अंबेडकर चौक में चक्का जाम किया। बाद में प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग को भी जाम कर दिया। आंदोलन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जफर हैदर ने किया।
आंदोलन से पूर्व आयोजित कार्यकारिणी बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष की रणनीति बनाई गई। बैठक में बायपास रोड एवं केतका रोड की जर्जर स्थिति के अलावा स्मार्ट मीटर से बढ़ते बिजली बिल, 400 यूनिट बिजली योजना को पुनः लागू करने तथा बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लंबे समय से बायपास एवं केतका रोड की हालत बेहद खराब है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है।

बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर चौक में चक्का जाम कर सड़क सुधार की मांग उठाई। काफी देर तक कोई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद आंदोलन को तेज करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी चक्का जाम किया गया। आंदोलन के चलते कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
बाद में तहसीलदार एवं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के कार्यपालन अभियंता (ईई) मौके पर पहुंचे और एक सप्ताह के भीतर बायपास एवं केतका रोड की मरम्मत शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंदोलन समाप्त किया। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज डालमिया, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, इस्माईल खान, संजय डोसी, दीप्ति स्वाई, आनंद कुंवर, आशीष यादव, आकाश साहू (एनएसयूआई जिलाध्यक्ष), भावना सिंह नेताम, वीरेंद्र मिश्रा, नरसिंह नारायण, दिलीप सोनी, हुपेश प्रजापति, निर्मल साहू, राजकुमार सिंह, हरकलाल राजवाड़े, इंद्रजीत शर्मा, रश्मि शर्मा, वीणा शर्मा, गीता पुरी, राजेश साहू, शाहरुख खान, ललन पांडे, प्रवीण सोनी, रितेश जायसवाल, शिवम साहू, यश साहू, शिवांश इमालिया, नीरज सिंह, अमित पैकरा, नितेश साहू, रोहन सिंह, जयसाय सिंह, विनय सिंह, नेम कुमार, अब्बास अख्तर, खेलसाय सिंह, तुलेश्वर सिंह, अजय रवि, राजलाल राजवाड़े, नन्हू रवि, अविनाश साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





