

अनिल साहू
सूरजपुर/ रामानुजनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर SOSS INFRA PUBLIC SCHOOL, रामानुजनगर के विद्यार्थियों द्वारा 15 मीटर लंबे तिरंगे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पहली बार आयोजित इस विशेष शोभायात्रा में विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ हिस्सा लिया।
हाथों में तिरंगा और दिल में राष्ट्रप्रेम का जज्बा लिए बच्चों ने कदम से कदम मिलाकर मार्च किया। विशाल तिरंगे के साथ निकली शोभायात्रा ने रामानुजनगर के लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की आकर्षक वेशभूषा, अनुशासन और देशभक्ति से ओत-प्रोत उत्साह ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
शोभायात्रा के दौरान बच्चों में गजब का उत्साह देखने को मिला। नगरवासियों ने भी विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, एकता, अनुशासन और संस्कारों की भावना को मजबूत करना है।
विद्यालय की यह पहल केवल एक शोभायात्रा तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से जोड़ने का एक प्रेरणादायी प्रयास भी रही।





