
साइबर जागृति अभियान: 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” की सेल्फी से फैल रहा जागरूकता का संदेश
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत बुधवार को सूरजपुर जिले में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना-चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने स्कूलों, सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर 1000 से अधिक शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। बड़ी संख्या में शिक्षकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक साइबर सुरक्षा की सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड किया। स्कूली बच्चों को भी इस अभियान की जानकारी देकर उनके माध्यम से अभिभावकों तक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि सेल्फी के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश तेजी से फैल रहा है। एक व्यक्ति द्वारा सेल्फी अपलोड करने से उसके मित्र और परिचित भी प्रेरित होकर इसमें शामिल हो रहे हैं।
सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इंटरनेट, सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन बैंकिंग का उपयोग सावधानी से करें। अपनी गोपनीय जानकारी किसी को साझा न करें, संदिग्ध लिंक से बचें और साइबर ठगी होने पर तत्काल टोल फ्री नंबर 1930पर शिकायत दर्ज कराएं।





