
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित हुए शिक्षक योगेश कुमार साहू
नवाचार, गतिविधि आधारित शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला राज्य स्तरीय सम्मान
रामानुजनगर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए उल्लेखनीय प्रयासों को राज्य स्तर पर सम्मान मिला है। शिक्षक दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित राजभवन में आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली, विकासखंड रामानुजनगर के शिक्षक योगेश कुमार साहू को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, शिक्षा सचिव कमल प्रीत सिंह एवं लोक शिक्षण संचालक ऋतुराज रघुवंशी सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। गरिमामय समारोह में योगेश कुमार साहू को उनके उत्कृष्ट एवं अभिनव शैक्षणिक कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
नवाचार एवं गतिविधि आधारित शिक्षा में विशेष योगदान
शिक्षक योगेश कुमार साहू ने विद्यालय में नवाचार एवं गतिविधि आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अनेक उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए प्रयोग, रचनात्मक गतिविधियों और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के अवसर उपलब्ध कराए।
विद्यालय में किचन गार्डन विकसित कर बच्चों को पोषण, जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा गया। इसके साथ ही शाला त्यागी बच्चों को पुनः शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने, नियमित पालक संपर्क, साक्षरता कार्यक्रम, स्मार्ट क्लास, विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने तथा विद्यालय एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी निरंतर कार्य किया गया।
पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में भी उन्होंने विद्यार्थियों को सक्रिय रूप से जोड़ा। पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।
विभागीय कार्यों में भी सक्रिय भूमिका
शिक्षक योगेश कुमार साहू विद्यालयीन कार्यों के साथ-साथ विभिन्न विभागीय दायित्वों एवं शासकीय गतिविधियों के संचालन में भी सक्रिय रूप से योगदान देते रहे हैं। शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए उन्होंने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
सामाजिक सेवा में भी आगे
शिक्षा के साथ-साथ योगेश कुमार साहू सामाजिक सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। जरूरतमंद लोगों की सहायता के उद्देश्य से उनके द्वारा अब तक 18 बार रक्तदान किया जा चुका है। रक्तदान के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले योगेश साहू का यह प्रयास युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
राज्यपाल पुरस्कार मिलने पर विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, पालकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने योगेश कुमार साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान शासकीय माध्यमिक शाला पतरापाली, विकासखंड रामानुजनगर और पूरे सूरजपुर जिले के लिए गौरव का विषय है।





