

भरत लाल गुप्ता
उदयपुर सर्किट हाउस में हुई मासिक बैठक, ग्राम सभा और ‘जी राम जी’ योजना को लेकर बनी रणनीति; उपसरपंचों के प्रशिक्षण की मांग
उदयपुर। उपसरपंच संघ ब्लॉक उदयपुर की मासिक बैठक 1 अक्टूबर 2026 को उदयपुर सर्किट हाउस में ब्लॉक अध्यक्ष संतोष जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न ग्राम पंचायतों के उपसरपंच एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य उपसरपंचों को संगठित, सशक्त और पंचायत के विकास कार्यों में उनकी भूमिका को प्रभावी बनाना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष संतोष जायसवाल ने कहा कि ग्राम पंचायत के समग्र विकास के लिए सरपंच, सचिव और उपसरपंच के बीच बेहतर आपसी समन्वय और तालमेल आवश्यक है। उन्होंने उपसरपंचों से पंचायत में होने वाले विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा ग्रामीण हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने का आह्वान किया।

ग्राम सभा को लेकर बनी रणनीति
बैठक में 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा को लेकर भी चर्चा की गई। उपसरपंचों से अपनी-अपनी पंचायतों में ग्राम सभा में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने की अपील की गई। इसके साथ ही ‘विकसित भारत–जी राम जी योजना’ के अंतर्गत अधिक से अधिक विकास एवं रोजगारपरक कार्यों को जोड़ने पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
उपसरपंचों के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण की मांग
ब्लॉक उपाध्यक्ष चन्द्रबसु यादव ने कहा कि संगठन बनने के बाद छत्तीसगढ़ में पहली बार उपसरपंचों को पंचायत संबंधी विभिन्न गतिविधियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण मिला, जिसके लिए संघ ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उदयपुर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता से उपसरपंचों के लिए योजनाओं एवं पंचायत संबंधी कार्यों का विस्तृत ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण शीघ्र आयोजित कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि जनपद सीईओ ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए प्रशिक्षण जल्द आयोजित कराने की बात कही है। साथ ही योजनाओं की जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश संघ के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सभी उपसरपंचों तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई।

₹5 हजार मासिक मानदेय की मांग फिर दोहराई
संघ के सचिव खेलावन निषाद ने छत्तीसगढ़ के सभी उपसरपंचों को ₹5,000 मासिक मानदेय दिए जाने की मांग को पुनः प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि उपसरपंच पंचायत व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए उनके कार्य और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय दिया जाना आवश्यक है।
समस्याओं का मौके पर कराया गया निराकरण
बैठक के दौरान उपसरपंचों द्वारा पंचायत स्तर की विभिन्न समस्याएं संघ के पदाधिकारियों के समक्ष रखी गईं। पदाधिकारियों ने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों से दूरभाष पर संपर्क कर कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराने का प्रयास किया। इससे उपस्थित सदस्यों में संतोष और हर्ष का माहौल रहा।
बैठक में ‘कलयुग में संघ में ही शक्ति है’ के मूलमंत्र को दोहराते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा उपसरपंचों के अधिकार एवं हितों के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

देवगढ़ में होगी अगली बैठक
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संघ की अगली बैठक अक्टूबर माह के अंत तक शिव मंदिर प्रांगण, देवगढ़ में आयोजित की जाएगी। सभी सदस्यों से संघ के व्हाट्सएप ग्रुप से सक्रिय रूप से जुड़े रहने और संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील की गई।
बैठक में प्रमुख रूप से ब्लॉक अध्यक्ष संतोष जायसवाल, उपाध्यक्ष चन्द्रबसु यादव, सचिव खेलावन निषाद, राजा राम यादव, श्यामपति, धनेश्वरी, सुकृति पैकरा, बालेश्वर, सीता, श्यामलाल, हुकुम सिंह, ठाकुर सिंह, हीरा सिंह, मीडिया प्रभारी भरत लाल, सामाजिक कार्यकर्ता धरम सिंह एवं शिव बालक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।





