मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता में उत्कृष्ट योगदान, छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान का सम्मान

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

मन जागृति अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सूरजपुर में मिला प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो, नशामुक्ति केंद्र व वृद्धाश्रम के संचालन सहित सामाजिक कार्यों की हुई सराहना

सूरजपुर। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित मन जागृति अभियान के तहत जिला चिकित्सालय सूरजपुर के सभाकक्ष में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं सहयोगी संस्था सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूकता और सेवा कार्य करने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला सरगुजा के लखनपुर स्थित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान को सूरजपुर जिले में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा तथा मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने मानसिक समस्याओं के समय पर उपचार, परामर्श सेवाओं की उपलब्धता तथा मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही समाज में मानसिक रोगों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और जरूरतमंदों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।

1990 से समाजसेवा में जुटा है संस्थान

छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू ने बताया कि संस्थान वर्ष 1990 से निरंतर सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। संस्था द्वारा सूरजपुर जिले में नशामुक्ति केंद्र और वृद्धाश्रम का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही बाल अधिकार, महिला अधिकार, बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए जागरूकता अभियान तथा टोनही प्रताड़ना के विरुद्ध जनजागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है।

मानसिक रोगियों और उनके परिजनों को दे रहे सहयोग

प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू ने बताया कि संस्थान द्वारा संचालित केंद्रों में भर्ती मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, उचित सलाह और आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाता है। मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों तथा उनके परिजनों को भी समझाइश देकर उपचार के प्रति जागरूक किया जाता है। आवश्यकता के अनुसार मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सेंदरी और रांची भेजने में भी सहयोग किया जाता है।

कई संस्थाओं को किया गया सम्मानित

समारोह में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 10वीं वाहिनी, जिला जेल सूरजपुर, बालक एवं बालिका छात्रावास, अरुणोदय कोचिंग संस्थान, मितानिन कार्यक्रम सहित विभिन्न संस्थाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू एवं स्नेह संबल वृद्धाश्रम, तिलसुवा सूरजपुर की अधीक्षक पायल गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान को पूर्व में भी उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। मन जागृति अभियान के तहत मिला यह सम्मान मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और समाजसेवा के क्षेत्र में संस्था के प्रयासों को नई पहचान प्रदान करता है।

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई