

भरत लाल गुप्ता
10 साल से आम रास्ते पर कीचड़ और अव्यवस्था के बीच अर्घ्य दे रही थीं व्रती महिलाएं, पक्का घाट नहीं बनने से टूटा श्रद्धालुओं का भरोसा
सलका (उदयपुर)।सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सलका खास में इस वर्ष एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। गांव में पिछले करीब 70 वर्षों से चली आ रही छठ पूजा की परंपरा इस बार टूट गई। इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ, जब गांव की एक भी छठ व्रती ने पूजा नहीं की। कभी छठ महापर्व की रौनक से गुलजार रहने वाला करीमन तालाब इस बार सूना रहा। न दीप जले, न सूप सजे और न ही छठी मैया के जयकारों के बीच सूर्य देव को अर्घ्य दिया गया।
10 साल से आश्वासन, लेकिन नहीं बना पक्का घाट
ग्रामीणों के अनुसार पिछले 10 वर्षों से सलका खास की व्रती महिलाएं करीमन तालाब के किनारे स्थित आम रास्ते पर ही छठ पूजा करती आ रही थीं। विडंबना यह रही कि यहां न तो पक्का घाट बनाया गया और न ही श्रद्धालुओं के लिए समुचित व्यवस्था की गई। महिलाएं कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ जमीन पर खड़े होकर 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा करती थीं और भगवान सूर्य को अर्घ्य देती थीं। हर साल उम्मीद जताई जाती रही कि अगले वर्ष तक घाट का निर्माण हो जाएगा, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही।
टूट गया व्रतियों का भरोसा, इस बार नहीं हुई पूजा
ग्रामीणों का कहना है कि घाट निर्माण को लेकर कई बार मांग उठाई गई, ज्ञापन सौंपे गए और जिम्मेदार लोगों से आश्वासन भी मिले, लेकिन धरातल पर कोई ठोस पहल नहीं हुई। आखिरकार लगातार उपेक्षा और अव्यवस्थाओं से परेशान होकर इस वर्ष किसी भी व्रती ने छठ पूजा नहीं की। श्रद्धालुओं के मुताबिक यह किसी धार्मिक परंपरा का बहिष्कार नहीं, बल्कि वर्षों से टूटती उम्मीदों और अनदेखी का परिणाम है।

सक्षम लोगों और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी उठे सवाल
इस मामले में ग्रामीणों ने गांव के आर्थिक रूप से सक्षम लोगों की निष्क्रियता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि गांव में संसाधन और सामर्थ्य रखने वाले लोग मौजूद हैं, लेकिन छठ घाट निर्माण के लिए अपेक्षित सहयोग, श्रमदान और पहल देखने को नहीं मिली। वहीं भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं की भूमिका पर भी नाराजगी जाहिर की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के दौरान नेता छठ घाट निर्माण सहित कई वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही गांव की समस्याएं भुला दी जाती हैं।
अब अगले छठ से पहले घाट निर्माण की मांग
सलका खास के छठ श्रद्धालुओं एवं ग्रामवासियों ने करीमन तालाब में तत्काल पक्का छठ घाट निर्माण कराने, आम रास्ते को पक्का घाट मार्ग बनाने तथा शिव मंदिर का जीर्णोद्धार कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा है कि अगले छठ पर्व से पहले निर्माण कार्य शुरू होना चाहिए, ताकि आने वाले वर्षों में व्रती महिलाओं को सम्मानजनक और सुरक्षित माहौल में पूजा करने की सुविधा मिल सके।
ग्रामवासियों का कहना है कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यदि समय रहते जिम्मेदार लोगों ने ध्यान नहीं दिया तो इस वर्ष सलका खास में छठ पूजा का सूना रह जाना आने वाले समय में भी एक बड़ा सवाल बना रहेगा।
अब सवाल यह है कि क्या अगले छठ पर्व तक सलका खास को अपना पक्का छठ घाट मिल पाएगा, या फिर श्रद्धालुओं को एक बार फिर निराशा का सामना करना पड़ेगा?




