बीमार शिक्षक तड़पता रहा, साहबो की फ़ाइल सोती रही —संघ के विरोध ने खोली पोल

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

 

बीमार शिक्षक तड़पता रहा, साहबों की फाइलें सोती रहीं ! संघ के विरोध ने खोली पोल

मेडिकल बिलों में देरी का सच डीईओ के पत्र में आया सामने ! 

सूरजपुर – बीमार शिक्षकों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति में महीनों की देरी और भुगतान प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ द्वारा उठाए गए मुद्दों का असर अब दिखाई देने लगा है। संघ की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर ने 23 नवंबर 2026 को सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों डीडीओ को पत्र जारी कर चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों को निर्धारित समय-सीमा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि संबंधित डीडीओ द्वारा सिविल सर्जन से पारित चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक समय पर जिला कार्यालय में प्रस्तुत नहीं किए जा रहे हैं। इसके कारण कर्मचारियों की चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि की मांग उच्च कार्यालय को भेजने में विलंब हो रहा है तथा समय पर भुगतान के लिए बजट आवंटन एवं पुनर्बंटन में भी कठिनाई उत्पन्न हो रही है।

*डीईओ के पत्र ने खोली देरी की परतें, अब जवाबदेही किसकी..?*

शालेय शिक्षक संघ लगातार सवाल उठा रहा था कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे शिक्षकों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरण महीनों तक लंबित क्यों रखे जा रहे हैं ? अब डीईओ के आधिकारिक पत्र में स्वयं डीडीओ स्तर से देयक समय पर प्रस्तुत नहीं किए जाने की बात सामने आने के बाद संघ ने इसे अपनी शिकायतों की गंभीरता की पुष्टि बताया है।

डीईओ ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा चिकित्सा परिचर्या नियम 2013 के नियमों के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए सक्षम अधिकारी की स्वीकृति के बाद ही भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 25,001 रुपये से अधिक की राशि के भुगतान के संबंध में कार्योत्तर स्वीकृति के लिए आयुक्त चिकित्सा शिक्षा छत्तीसगढ़ को सीधे डीडीओ के माध्यम से प्रकरण भेजने तथा स्वीकृति के बाद मांग पत्र के साथ देयक की छायाप्रति जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।

शालेय शिक्षक संघ का सवाल – अब तक बीमार शिक्षकों को क्यों भटकाया गया ?

संघ के जिला सचिव गौतम शर्मा का कहना है कि जब विभागीय पत्र में ही यह स्वीकार किया गया है कि डीडीओ स्तर से देयक समय पर प्रस्तुत नहीं होने के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, तो अब तक इस लापरवाही की जिम्मेदारी किसने ली ? महीनों से इलाज के खर्च और कर्ज के बोझ से जूझ रहे शिक्षकों को अपनी ही चिकित्सा प्रतिपूर्ति राशि के लिए कार्यालयों के चक्कर क्यों लगाने पड़े ?

संघ के जिलाध्यक्ष यादवेन्द्र दुबे ने कहा कि बीमार शिक्षक को राहत देने के बजाय उसे फाइलों के चक्कर में उलझाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। चिकित्सा प्रतिपूर्ति किसी अधिकारी की कृपा नहीं, बल्कि पात्र कर्मचारी का अधिकार है। 

संघ ने मांग की है कि केवल निर्देश जारी करना पर्याप्त नहीं है। सभी लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों की विकासखंडवार समीक्षा कर विलंब के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर उचित अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए तथा पात्र शिक्षकों को तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

शालेय शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया है कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था के विरुद्ध है जिसमें बीमार शिक्षक अपने इलाज के बाद भी आर्थिक राहत के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हो जाता है। 

अब डीईओ का निर्देश जारी हो चुका है, लेकिन असली परीक्षा इसके पालन की है। सवाल साफ है – क्या बीमार शिक्षकों को उनका हक समय पर मिलेगा या उनकी चिकित्सा प्रतिपूर्ति फिर फाइलों में ही दम तोड़ती रहेगी?

Aashiq khan
Author: Aashiq khan