
अंबिकापुर ब्यूरो

बिना नोटिस सफाई कार्य से हटाए जाने पर सरस्वती स्व-सहायता समूह ने जताई आपत्ति, प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग
जीवन दीप समिति के निर्णय पर उठे सवाल, समूह ने 31 मार्च 2027 तक कार्य जारी रखने की मांग की
रामानुजनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर में लंबे समय से साफ-सफाई का कार्य कर रहे सरस्वती स्व-सहायता समूह को बिना पूर्व सूचना, नोटिस एवं स्पष्ट कारण बताए कार्य से हटाए जाने को लेकर समूह ने आपत्ति जताई है।
समूह का आरोप है कि उसे हटाने के बाद बिना पारदर्शी निविदा/प्रक्रिया अपनाए किसी अन्य पसंदीदा व्यक्ति या समूह को सफाई कार्य दिए जाने की स्थिति सामने आई है। समूह ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि सफाई कार्य के लिए कौन-सी प्रक्रिया अपनाई गई, क्या निविदा आमंत्रित की गई तथा चयन किस आधार पर किया गया।
समूह ने बताया कि सरस्वती स्व-सहायता समूह लंबे समय से स्वास्थ्य केंद्र में सफाई कार्य करता रहा है तथा कोरोना महामारी के दौरान भी सदस्यों ने अपनी सेवाएं जारी रखीं। इसके बावजूद बिना नोटिस और अपना पक्ष रखने का अवसर दिए कार्य से हटाए जाने से समूह से जुड़े कर्मचारियों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
समूह के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी की अध्यक्षता में जीवन दीप समिति की बैठक में सरस्वती स्व-सहायता समूह को 31 मार्च 2027 तक कार्य जारी रखने के संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद कार्य से हटाए जाने की स्थिति पर समूह ने सवाल उठाए हैं।
सरस्वती स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष कुंती बाई ने कलेक्टर, CMHO एवं BMO को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि पूरे मामले की जांच कर सफाई कार्य आवंटन की प्रक्रिया, निविदा एवं चयन से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं तथा यदि निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ है तो उचित कार्यवाही की की जाए।
समूह ने यह भी मांग की है कि मामले पर पुनर्विचार करते हुए 31 मार्च 2027 तक सरस्वती स्व-सहायता समूह को सफाई कार्य जारी रखने का अवसर दिया जाए।





