
अनिल साहू
21 राज्यों के 150 खाताधारकों से जुड़ा 113 करोड़ रुपये का साइबर ठगी नेटवर्क, म्यूल अकाउंट के जरिए रकम का खेल; पहले 4 आरोपी गिरफ्तार, अब पांचवां आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में।
सूरजपुर। साइबर ठगी के करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े म्यूल अकाउंट मामले में सूरजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। 13 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन वाले बैंक खाते से जुड़े फरार आरोपी को पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पूर्व में चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ताजा कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या पांच हो गई है।
दरअसल, भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के समन्वय पोर्टल जेसीसीटीएमएस के माध्यम से विभिन्न बैंकों में संचालित संदिग्ध खातों की जानकारी प्राप्त होने पर सूरजपुर पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान भारतीय स्टेट बैंक की सूरजपुर शाखा में संचालित एक बैंक खाते के माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ।
जांच में सामने आया कि देवनारायण चक्रधारी एवं महेश चक्रधारी ने मिलकर डीएन चक्रधारी एजुकेशन डेवलपमेंट एसोसिएशन के नाम से पंजीयन कराकर बैंक खाता खुलवाया था। इस खाते के केवाईसी और बैंकिंग विवरण की जांच में साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क से इसके जुड़े होने के संकेत मिले।
पुलिस जांच के अनुसार, इस प्रकार के बैंक खातों से संबंधित देश के 21 राज्यों के 150 खाताधारकों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। इन शिकायतों से जुड़े खातों में कुल 1 अरब 13 करोड़ 32 लाख 9 हजार 604 रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन सामने आया। वहीं, डीएन चक्रधारी के बैंक खाते में लगभग 13 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन होना पाया गया।
मामले में प्रथम दृष्टया आरोपियों द्वारा अवैध धन अर्जित करने के उद्देश्य से बैंक खाते साइबर ठगी गिरोह के सदस्यों को उपलब्ध कराए जाने की जानकारी सामने आने पर थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 107/26 के तहत धारा 317(4), 318(2), 61(2)(ए), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस मामले में पुलिस पूर्व में देवनारायण चक्रधारी, महेश चक्रधारी, अमन पासवान और जिशान रजा को गिरफ्तार कर चुकी है।

दिल्ली में छिपा था फरार आरोपी, पुलिस ने दी दबिश
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने साइबर धोखाधड़ी के मामलों में गंभीरता से विवेचना करते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं सीएसपी विशाल गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सूरजपुर पुलिस लगातार फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना एवं तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी के दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और थाना कालिंदीकुंज क्षेत्र के मदनपुर खादर स्थित जे.जे. क्लस्टर फेस-3 में दबिश देकर आरोपी सचिन कुमार (25 वर्ष), पिता स्व. राधेश्याम प्रसाद, मूल निवासी ग्राम भराजो, थाना टाटीझरिया, जिला हजारीबाग (झारखंड) को पकड़ लिया।
आरोपी को सूरजपुर लाकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने साइबर फ्रॉड को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर तीन मोबाइल फोन जब्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
39 लाख रुपये कमीशन में बांटे, करोड़ों का हुआ खेल
इस पूरे प्रकरण में आरोपियों को बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के बदले लगभग 39 लाख रुपये कमीशन के रूप में मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की विवेचना कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, एसआई सकलूराम भगत, संदीप सिंह, आरक्षक अखिलेश पाण्डेय, रविराज पाण्डेय, जितेन्द्र पटेल एवं रौशन सिंह की सक्रिय भूमिका रही।




