

भरत लाल गुप्ता
गांव की चौपाल तक पहुंचा संविधान दिवस का उत्सव, बच्चों ने दी न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता की जीवंत प्रस्तुति; जनप्रतिनिधियों ने कहा– संविधान की समझ ही अधिकारों की असली ताकत।
सलका, उदयपुर। संविधान केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, सम्मान और समानता की मजबूत नींव है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 26 नवंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका एवं पीएमश्री विद्यालय सलका के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम पंचायत सलका के साप्ताहिक बाजार चौक के समीप भव्य संविधान दिवस समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय की इस अनूठी पहल ने शिक्षा को विद्यालय की चारदीवारी से निकालकर सीधे गांव की चौपाल तक पहुंचाया।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को भारतीय संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा विद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से आमजन को जोड़ना रहा। आयोजन में मुख्य अतिथि भरत लाल गुप्ता, विशिष्ट अतिथि एसएमडीसी अध्यक्ष धरम सिंह यादव एवं अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य बाल भगवान राम ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
बच्चों की झांकी और नृत्य ने बांधा समां
समारोह का मुख्य आकर्षण पीएमश्री विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत संविधान आधारित झांकी एवं सांस्कृतिक नृत्य रहा। बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुति के माध्यम से संविधान के मूल्यों और उसकी महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य द्वारा हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। उपस्थित लोगों ने भी संविधान के मूल आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराता है बोध
मुख्य अतिथि भरत लाल गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि संविधान सिर्फ किताब नहीं, बल्कि हर गरीब और वंचित व्यक्ति की ताकत है। जब तक गांव का हर बच्चा संविधान को नहीं समझेगा, तब तक वह अपने अधिकारों को सही मायने में नहीं पहचान पाएगा। सलका के बच्चों ने गांव में आकर संविधान को जीवंत कर दिया है।
प्राचार्य बाल भगवान राम ने कहा कि विद्यालय का कार्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता ही शिक्षा का मूल आधार होना चाहिए।
एसएमडीसी अध्यक्ष धरम सिंह यादव ने कहा कि गांव के विकास का रास्ता संविधान से होकर गुजरता है। ग्रामसभा, शिक्षा और समान अधिकार संविधान की महत्वपूर्ण देन हैं। उन्होंने विद्यालय परिवार की इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम संचालक ऋषि कुमार पांडेय ने संविधान दिवस के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई। वहीं सुश्री मेरी बहालेन धान ने महिलाओं एवं बेटियों के समान अधिकार और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। श्रीमती प्रतिभा सिंह ने संविधान निर्माण में लगे 2 वर्ष 11 महीने 18 दिन की ऐतिहासिक अवधि का उल्लेख करते हुए नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझने की अपील की।
जी.डी. महंत (गुरुदास महंत) ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। गांव में स्वच्छता, भाईचारा और शिक्षा को बढ़ावा देना ही संविधान के प्रति सच्चा सम्मान है। इस अवसर पर महिंगल यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा एवं तैयारियों में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं त्रिभुवन नारायण, उषा, उमा, पार्वती, रोहित बंजारा, संतोष पांडे, मुकेश ठाकुर, हेमलता सिंह, पद्मा सिंह, अनुप्रिया सिंह एवं प्रवीण सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन ऋषि कुमार पांडेय ने किया।
समारोह के अंत में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने ग्रामीण स्तर पर इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विद्यालय परिवार एवं प्राचार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन अमृत सरोवर तट पर समस्त जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रोजगार सहायक नीरज सिंह द्वारा संविधान की प्रस्तावना के वाचन के साथ हुआ।




