किसानों की खुशहाली से ही प्रदेश की समृद्धि, अन्नदाताओं के सम्मान और हितों के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मोनिका सिंह

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

तिवरागुड़ी धान खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का पूजन कर शुरू हुई खरीदी; किसानों को तुहर टोकन ऐप से घर बैठे टोकन लेने की दी जानकारी

रामानुजनगर। किसानों की मेहनत और खुशहाली में ही प्रदेश की तरक्की का वास्तविक आधार छिपा है। किसानों की आर्थिक समृद्धि से ही गांव, समाज और प्रदेश का विकास संभव है। इसी उद्देश्य के साथ ग्राम तिवरागुड़ी में धान खरीदी केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य मोनिका सिंह शामिल हुईं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे का विधिवत पूजन-अर्चन कर धान खरीदी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित किसानों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मोनिका सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। किसान हमारे देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनकी उन्नति और समृद्धि के साथ ही प्रदेश का विकास जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं। सरकार अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीदी किसानों के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से उन्हें अपनी उपज का उचित लाभ मिल सकेगा।

तुहर टोकन ऐप से घर बैठे मिलेगा धान विक्रय का टोकन

मोनिका सिंह ने किसानों को डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसान अपनी सुविधानुसार ‘तुहर टोकन मोबाइल ऐप’ के माध्यम से घर बैठे धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को अनावश्यक भागदौड़ और परेशानियों से राहत मिलेगी तथा धान खरीदी प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।

उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्था और सुविधाओं के साथ धान खरीदी की जाएगी। साथ ही सभी किसानों से शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम के अंत में मोनिका सिंह ने उपस्थित किसानों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का अभिनंदन करते हुए सफल और व्यवस्थित धान खरीदी की शुभकामनाएं दीं। धान खरीदी केंद्र के शुभारंभ से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर हेमलता राजवाड़े, अजय पाण्डेय, मंडल महामंत्री सौभाग्य दुबे, सुमित साहू, सुमन्त साहू, सुंदर लाल सिंह, योजित राजवाड़े, गणेश्वर सिंह, लहरी यादव, तहसीलदार मनहरण सिंह राठिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu