

धान खरीदी के नाम पर किसानों के साथ छलावा बंद करे भाजपा सरकार – संजय कुमार पोया
सूरजपुर। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी संजय कुमार पोया ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि ₹3,100 प्रति क्विंटल धान खरीदी के दावे के बीच सरकार किसानों को मिलने वाली राशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करे।
उन्होंने कहा कि प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार 2023-24 की तुलना में 2026-27 में राज्य के अंतर/बोनस की राशि में 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से ₹5,418 की कमी दिखाई दे रही है। आखिर किसानों के हिस्से की राशि क्यों घट रही है? सरकार इसका जवाब दे।
उन्होंने रकबा कटौती, शून्य रकबा, भुगतान में देरी और धान खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर करने की मांग की।
संजय कुमार पोया ने कहा कि किसान केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था की असली ताकत हैं। सरकार घोषणाओं से नहीं, किसानों को मिलने वाले वास्तविक लाभ से अपनी किसान हितैषी होने का प्रमाण दे।


