

भरत लाल गुप्ता
बाल दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती पर पीएम श्री सलका और माध्यमिक शाला सलका का संयुक्त आयोजन, रैंप वॉक और नृत्य ने अतिथियों का मोहा मन
सलका (उदयपुर)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका के प्रांगण में 16 नवंबर 2026 को पीएम श्री सलका एवं माध्यमिक शाला सलका के संयुक्त तत्वावधान में भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं बाल दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, आकर्षक रैंप वॉक एवं मनमोहक नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष धरम सिंह विशिष्ट अतिथि तथा एसएमसी सदस्य भरत लाल गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य बीबी राम ने की। मंच संचालन ऋषि कुमार पांडे एवं मेरी बहालेन धान ने किया।
महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं प्राचार्य द्वारा भगवान बिरसा मुंडा और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं तिलक लगाकर किया गया। इसके पश्चात प्राचार्य बीबी राम ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कराया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से दोहराया।
शिक्षा, संस्कार और अनुशासन से बनाएं अपना भविष्य : भरत लाल गुप्ता
मुख्य अतिथि भरत लाल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करना सिखाया, वहीं पंडित जवाहरलाल नेहरू ने शिक्षा और आधुनिक सोच को बढ़ावा दिया। विद्यार्थियों को दोनों महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और देश सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने बच्चों को समय का सदुपयोग करने, मोबाइल से दूरी बनाकर पुस्तकों से दोस्ती करने की सलाह दी।
विशिष्ट अतिथि धरम सिंह ने कहा कि सलका के बच्चे किसी से कम नहीं हैं। उचित मार्गदर्शन और अच्छे संस्कार मिलने पर वे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारने का दिया संदेश
प्राचार्य बीबी राम ने भगवान बिरसा मुंडा के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष तथा नेहरू जी के आधुनिक भारत निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने, अनुशासन बनाए रखने और गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया।
व्याख्याता ऋषि कुमार पांडे ने कहा कि बाल दिवस केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य और जिम्मेदारियों को समझने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल एवं सोशल मीडिया में समय बर्बाद करने के बजाय पढ़ाई, खेल और संस्कार पर ध्यान देने की सलाह दी।
व्याख्याता प्रतिभा सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष और उलगुलान आंदोलन की जानकारी देते हुए उनके साहस, त्याग एवं देशभक्ति से प्रेरणा लेने की बात कही। वहीं व्याख्याता मेरी बहालेन धान ने बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समाज में समान अवसरों के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिक्षक त्रिभुवन सिंह ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के बच्चों के प्रति प्रेम और उनके आदर्शों को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।

रैंप वॉक और नृत्य प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पीएम श्री सलका के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक रैंप वॉक एवं मनमोहक नृत्य रहा। बच्चों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणजनों का मन मोह लिया। कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पीएम श्री सलका की प्रधान पाठक पद्मा सिंह द्वारा तैयार की गई थी।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।


