सलका विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव एवं साइकिल वितरण समारोह संपन्न, 75 छात्राओं को मिली साइकिल, तीन अतिथि शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत, जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा के महत्व पर दिया प्रेरक संदेश

उदयपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलका में गुरुवार को संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव एवं साइकिल वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत और छात्राओं को साइकिल वितरण के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री (पर्यटन एवं धार्मिक न्यास) राजेश अग्रवाल के प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल, जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव, जनपद सदस्य श्रीमती मंजू सिंह, एसएमसी अध्यक्ष धरम सिंह, एसएमसी उपाध्यक्ष श्रीमती पुनीता सिंह, एसएमसी सदस्य भरत लाल गुप्ता, सुश्री विवेका सिंह, राकेश सिरदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड विधायक सहित ग्राम के पंच, अभिभावक एवं संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य बाल भगवान राम ने स्वागत उद्बोधन देते हुए विद्यालय में संचालित कक्षाओं, विद्यार्थियों की दर्ज संख्या तथा शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की सराहना प्राप्त की।

अपने संबोधन में अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा जीवन में शिक्षा के महत्व को समझते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। जनपद अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह ने विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को उसका पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया, वहीं जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह देव ने शिक्षकों के मार्गदर्शन को जीवन में आत्मसात करने की सीख दी।

समारोह के दौरान सत्र 2025-26 में विद्यालय का 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तर से स्वीकृत तीन नवीन मानदेय अतिथि शिक्षकों को अतिथियों के हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

शाला प्रवेश उत्सव के अंतर्गत कक्षा पहली, छठवीं एवं नवमी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिष्ठान एवं गणवेश प्रदान कर विद्यालय परिवार में आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर नरसिंह सूर्यवंशी ने कविता पाठ के माध्यम से आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय की 75 नवप्रवेशी छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम की सफलता में मेरी बहालेन, प्रतिभा सिंह, रमेश कुमार चंद्रा, प्रधान पाठक स्वाति सिन्हा, पद्मा सिंह, व्यायाम शिक्षक महेंद्र पटेल, संतोष कुमार पांडे, रोहित कुमार बंजारा, मुकेश ठाकुर, त्रिभुवन नारायण, विवेक भारती, तुलेश्वरी सिंह मरावी सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन व्याख्याता ऋषि कुमार पांडे ने किया।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर