
जनपद पंचायत रामानुजनगर में पूर्व सीईओ को भावभीनी विदाई, नवपदस्थ सीईओ का आत्मीय स्वागत
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर। जनपद पंचायत रामानुजनगर में शनिवार को भूतपूर्व मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संजय कुमार राय के सम्मान में भावभीनी विदाई एवं नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक पांडेय के स्वागत में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में एसडीएम श्री अजय मोडियम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उनके साथ जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष श्री रामप्रताप साहू, जनपद सदस्य श्री लखन सिंह, श्री मणिकचंद एवं श्रीमती राजकुमारी, क्षेत्र के सरपंचगण, विकसित भारत जी-राम योजना (VB-G RAM-G) के अधिकारी एवं कर्मचारी, खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्री अवधेश साहू, शिक्षा विभाग से श्री रविनाथ तिवारी, स्वास्थ्य विभाग की बीएमओ डॉ. प्रियंका शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी, मंडल संयोजक श्री अशोक उपाध्याय, जनपद पंचायत के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा रामानुजनगर क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विभागों के कार्यालय प्रमुख एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली मंच संचालन सहायक ग्रेड-2 श्री सुशील कुमार टोप्पो द्वारा किया गया। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने श्री संजय कुमार राय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके प्रशासनिक कौशल, सरल एवं सौम्य व्यक्तित्व तथा विकास कार्यों में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक पांडेय का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शी प्रशासन एवं जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पूर्व एवं नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए जनपद पंचायत रामानुजनगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
पूरा समारोह आत्मीयता, सम्मान और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।



