कबरा के आतंक से कब्रगाह बनते गांव! उमेश्वरपुर में फिर मौत, आखिर कब टूटेगी वन विभाग की नींद?

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

लगातार हो रही जनहानि से दहशत में ग्रामीण, सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल

सूरजपुर। जिले में कबरा नामक हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हाथी के हमलों में हो रही जनहानि से ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। अब प्रेमनगर वन परिक्षेत्र के उमेश्वरपुर गांव में हाथी ने एक और महिला की जान ले ली। इस दर्दनाक घटना से एक परिवार उजड़ गया, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर 2026 की रात करीब 11:45 बजे कबरा हाथी ने ग्राम उमेश्वरपुर निवासी 55 वर्षीय दीलासो बाई, पति अर्जुन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि गांव में हाथी की मौजूदगी से घबराकर महिला अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान वह हाथी की चपेट में आ गई। हाथी ने महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद से गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के बीच इस बात को लेकर भारी चिंता है कि कबरा हाथी की लगातार आवाजाही और हमलों के बावजूद जान-माल की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं हो पा रहे हैं।

आखिर कब मिलेगी ग्रामीणों को सुरक्षा?

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं वन विभाग की निगरानी व्यवस्था, हाथी की गतिविधियों पर नियंत्रण और ग्रामीणों को समय रहते सतर्क करने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। आखिर कब तक ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर रात गुजारेंगे? कब तक हाथी के हमलों में परिवार उजड़ते रहेंगे?

अब ग्रामीणों को केवल चेतावनी और आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत है। हाथी की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी, समय पर सूचना, संवेदनशील गांवों में सुरक्षा इंतजाम और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी हो गई है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी।

लगातार मौतों का सिलसिला अब वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन चुका है। सवाल सिर्फ एक और मौत का नहीं, बल्कि उन तमाम ग्रामीणों की जिंदगी का है, जो हर रात इस डर में गुजार रहे हैं कि अगली सुबह किस घर में मातम होगा।

anil sahu
Author: anil sahu