
रामानुजनगर में कबरा हाथी का कहर : श्यामपुर में महिला को सूंड से पटककर मार डाला, पार्वतीपुर के जंगल में डेरा

रामानुजनगर —- वन परिक्षेत्र रामानुजनगर के उमेश्वरपुर सर्किल के अंतर्गत श्यामपुर में बुधवार देर रात कबरा कान हाथी ने एक महिला को पटककर मार डाला। विदित हो कि सूरजपुर जिले के कई वन क्षेत्रों में विचरण के बाद पिछले दो दिनों से यह हाथी रामानुजनगर वन क्षेत्र के परशुरामपुर, सुरता, मनीहारीडांड, बंडाभैसा, श्यामपुर, सुजीडांड सहित कुमेली झरना के आसपास विचरण कर रहा था।
जानकारी लगते ही वन विभाग, वन विकास निगम के मैदानी अमला व आला अधिकारी पल-पल की खबर का आदान-प्रदान कर रहे थे, जिसमें प्रमुख रूप से हाथी ट्रैकर की भूमिका सराहनीय रही, जो हाथी की हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए था।
बुधवार की देर रात जब परशुरामपुर सर्किल से वन विभाग की निगरानी दल हाथी को सुरता-झींक नदी से भगाने में सफल हुए तो हाथी सीधा उमेश्वरपुर सर्किल के श्यामपुर में दाखिल हुआ और बिजली विभाग के सब स्टेशन से पहले ही एक 45 वर्षीय महिला दिलासो बाई पति अर्जुन सिंह निवासी उमेश्वरपुर को बुरी तरह से अपनी सूंड से कपड़े फाड़कर निर्मम हत्या कर दी और पार्वतीपुर के घने जंगल में अपना डेरा जमा लिया।
इस घटना की जानकारी लगते ही समूचे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आने-जाने वाले राहगीरों में दहशत और गांव में मातम छाया हुआ है। आज दिन भर यह चर्चा का बाजार गर्म था कि आखिर इतने सारे लोगों की जान लेने वाले हाथी को पकड़कर वन विभाग कब्जे में क्यों नहीं लेता। यह एक बड़ा सवाल है। लगभग अठारह लोगों की जान ले चुका यह हाथी अब भी खूनी खेल खेल रहा है पर वन विभाग सिर्फ निगरानी पर लगा है।
घटना के बाद वन विभाग व पुलिस विभाग व ग्रामवासियों की मौजूदगी में मृत महिला का पंचनामा तैयार कर शव को पुलिस कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं महिला के दाह संस्कार हेतु वन विभाग द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि 25 हजार परिजनों को दी गई।
परिक्षेत्राधिकारी पूजा यादव ने बताया कि मृतक के परिजनों को कुल छः लाख रुपये मुआवजा राशि दी जाएगी, जिसमें अंतिम संस्कार हेतु 25 हजार प्रदान कर दिया गया है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि सरपंच, जनपद सदस्य सहित वन विभाग व चौकी प्रभारी गंगाराम पैकरा दल बल के साथ मौजूद रहे।


