

अनिल साहू
पिछले वर्ष दो सवामनी से बढ़ाकर इस बार तीन सवामनी प्रसाद वितरण का संकल्प, नगरवासियों के सहयोग से होगा आयोजन
सूरजपुर। धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा की मिसाल पेश कर रही श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति, सूरजपुर इस वर्ष छठ महापर्व के पावन अवसर पर एक बार फिर श्रद्धा और सेवा का भव्य आयोजन करने जा रही है। समिति द्वारा छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के बीच तीन सवामनी ठेकुआ महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। खास बात यह है कि पिछले वर्ष समिति ने दो सवामनी प्रसाद का वितरण किया था, लेकिन इस वर्ष नगरवासियों एवं सहयोगकर्ताओं के उत्साहपूर्ण सहयोग से इसे बढ़ाकर तीन सवामनी कर दिया गया है। यह समिति का लगातार दूसरा वर्ष है, जब छठ महापर्व पर इस विशेष महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है।
धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा में भी सक्रिय समिति
श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षों से सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में भी अपनी सक्रिय भागीदारी निभाती आ रही है। देवगढ़ धाम में लगातार दो वर्षों से भंडारा, जलपान एवं चिकित्सा व्यवस्था के माध्यम से श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है। वहीं जमड़ी कांवड़ पदयात्रा के दौरान चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न घाटों पर चाय-नाश्ते की व्यवस्था कर समिति ने सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की है।
जहां जरूरत होगी, वहां सेवा के लिए तैयार रहेगी समिति : हर्ष कुमार गुप्ता
समिति के मुख्य व्यवस्थापक हर्ष कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा समिति का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों और श्रद्धालुओं के बीच सेवा भाव के साथ उपस्थित रहना है। समिति जिस सेवा भाव के साथ आज कार्य कर रही है, उसी समर्पण के साथ आजीवन कार्य करती रहेगी। भंडारा, प्रसाद वितरण, चिकित्सा सुविधा अथवा अन्य जनसेवा के कार्य हों, समिति हर क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तत्पर रहेगी। उन्होंने इस आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त नगरवासियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
सक्रिय सदस्यों एवं संरक्षकों का मिल रहा मार्गदर्शन
समिति के सक्रिय सदस्यों में सूरज सोनी,मनोज साहू, मनोज गुप्ता, दीपक साहू, संदीप पटेल, साहिल गुप्ता एवं रविकांत कसेरा सहित अन्य सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं समिति को संरक्षक के रूप में राजेश कुमार गुप्ता (पूर्व पार्षद), गैबीनाथ साहू (पार्षद, वार्ड क्रमांक 7), राजेश सोनी, राजेश अलंकार एवं विशाल कुमार गुप्ता (पूर्व सांसद प्रतिनिधि) का मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है।



