

अनिल साहू
बच्चों की पढ़ाई में आंखों की परेशानी न बने बाधा, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया नेत्र परीक्षण एवं दिया आवश्यक परामर्श
सूरजपुर। दिनांक 12 नवंबर 2026 को माध्यमिक शाला चिटकाही पारा कोट में नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कल्याणपुर के चिकित्सक डॉ. बैजनाथ शर्मा द्वारा स्कूली बच्चों की आंखों की जांच की गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों की आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान करना था, ताकि आंखों की रोशनी में कमी अथवा अन्य नेत्र संबंधी परेशानियों के कारण उनकी पढ़ाई-लिखाई प्रभावित न हो। इस दौरान चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा बच्चों की आंखों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
चिकित्सक डॉ. बैजनाथ शर्मा ने बच्चों को आंखों की नियमित देखभाल करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा आंखों में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल जांच एवं उपचार कराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि समय पर नेत्र परीक्षण कराने से आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उचित उपचार किया जा सकता है।

इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मचारी संतोष साहू सहित विद्यालय के शिक्षक सुरेंद्र राजवाड़े, केसरी राजवाड़े, देवचंद सिंह, फूल सिंह एवं लक्ष्मी प्रसाद ठाकुर उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से बच्चों में आंखों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण पहल की गई।


