
भरत लाल गुप्ता
अन्नपूर्णा माता की पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुई खरीदी प्रक्रिया, किसानों को बेहतर सुविधा और पारदर्शी तौल का मिला भरोसा
उदयपुर (सरगुजा)। सहकारी समिति सलका में 15 सितंबर को धान खरीदी का शुभारंभ हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में अन्नपूर्णा माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य की शुरुआत हुई। इस अवसर पर प्रथम किसान के रूप में चंदन राय से 15 क्विंटल 20 किलो धान की खरीदी की गई।
खरीदी केंद्र परिसर को फूल-मालाओं, आम के पत्तों के तोरण एवं आकर्षक रंगोली से सजाया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत अन्नपूर्णा माता की पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके पश्चात कांटा-बांट की पूजा कर धान की पहली तौल की गई। खरीदी शुरू होते ही परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

किसानों को नहीं होगी किसी प्रकार की परेशानी : संतोष जायसवाल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संतोष जायसवाल ने कहा कि सहकारी समिति सलका हमेशा से किसानों के हितों को प्राथमिकता देती आई है। इस वर्ष भी किसानों की सुविधा के लिए पूरी तैयारी की गई है। खरीदी केंद्र में पारदर्शी तौल, समय पर भुगतान एवं बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे साफ-सुथरा एवं अच्छी तरह सुखाया हुआ धान लेकर आएं तथा दलालों के चक्कर में न पड़ें।
किसानों को सशक्त बनाना समिति का उद्देश्य : जय करण सिंह
समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं अध्यक्ष जय करण सिंह ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना भी है। वहीं संतोष कुमार गुप्ता ने कहा कि समिति के माध्यम से किसानों को खाद, बीज, ऋण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। उपसरपंच खेलावन निषाद ने गांव के विकास के लिए समिति एवं पंचायत के आपसी सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में की गई पूरी व्यवस्था
समिति प्रबंधक जनक दास ने बताया कि खरीदी केंद्र में किसानों के बैठने, पेयजल, छाया एवं टोकन व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खरीदी का रिकॉर्ड पारदर्शी तरीके से संधारित किया जाएगा। कंप्यूटर ऑपरेटर मिथिलेश प्रधान के माध्यम से किसानों के पंजीयन एवं भुगतान संबंधी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।
वहीं प्रथम धान विक्रय करने वाले किसान चंदन राय ने खरीदी केंद्र में व्यवस्था को लेकर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि समिति में खरीदी शुरू होने से किसानों को अब दूर-दराज भटकना नहीं पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही धान की तौल एवं खरीदी की सुविधा मिलने से किसानों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर समिति के प्राधिकृत अधिकारी एवं अध्यक्ष जय करण सिंह, संतोष जायसवाल, उपसरपंच खेलावन निषाद, समिति प्रबंधक जनक दास, संतोष कुमार गुप्ता, उदय राम, कंप्यूटर ऑपरेटर मिथिलेश प्रधान, गुलाब दास, प्रभारी नारायण दास एवं चौकीदार मगन साय सहित क्षेत्र के किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


