अमृत मानसरोवर तालाब राजबांध सलका में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

चार दिवसीय छठ पूजा में उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया व्रत का पारण

उदयपुर (सरगुजा)। ग्राम सलका स्थित अमृत मानसरोवर तालाब राजबांध में चार दिवसीय छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हुए। छठ गीतों, दीपों की रोशनी, गन्ने के आकर्षक मंडप और भक्तिमय वातावरण से पूरा तालाब परिसर आस्था के रंग में रंगा नजर आया।

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई। दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई गई, जिसमें व्रतियों ने गुड़ की खीर, रोटी और केले का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना की। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत प्रारंभ किया।

पर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य के अवसर पर अमृत मानसरोवर तालाब का घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। व्रती महिलाएं गन्ने के मंडप के नीचे सूप, दौरा, नारियल, फल, ठेकुआ और दीप लेकर जल में खड़ी हुईं तथा अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

वहीं सोमवार, 16 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजे उषा अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन हुआ। व्रतियों ने उगते सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और गांव की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर राखी जायसवाल, ममता जायसवाल सहित सभी व्रतियों ने विधि-विधान से पूजा संपन्न की। अर्घ्य के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच ठेकुआ एवं फल प्रसाद का वितरण किया गया।

व्यवस्थाओं में ग्रामीणों और युवाओं का रहा सराहनीय योगदान

छठ पूजा को लेकर अमृत मानसरोवर तालाब परिसर में विशेष तैयारियां की गई थीं। घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैठने की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया। स्थानीय युवाओं, महिला समिति और ग्रामीणों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महिलाओं ने घाट को फूलों और रंगोली से सजाया, वहीं युवाओं ने श्रद्धालुओं की सुविधा और बुजुर्गों की सहायता में सक्रिय योगदान दिया। पुलिस एवं पंचायत के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

आस्था, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक है छठ महापर्व

श्रद्धालुओं ने कहा कि छठ महापर्व केवल उपवास और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, पवित्रता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस पर्व में सभी वर्गों के लोग एक साथ मिलकर सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं। यही इस महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता है। ग्रामीणों ने बताया कि अमृत मानसरोवर तालाब राजबांध में छठ पूजा की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसे आने वाली पीढ़ियां भी पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ाती रहेंगी।

ये रहे उपस्थित

पूजा स्थल पर उदयपुर से रविंद्र सिंह, संतोष जायसवाल, भीम कुशवाहा, सरजू गुप्ता, उत्तम ताम्रकार, सोनी देवी, रानू देवी, रंभा देवी, स्मृति जायसवाल, बबली देवी, नरेश सिंह, रंजीत कुशवाहा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अगले वर्ष भी और अधिक भव्यता के साथ छठ महापर्व मनाने का संकल्प लिया।

 

 

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई