श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व, रेणुका नदी घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

तीन सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद अर्पित कर श्री सावरिया सेठ सेवा समिति ने श्रद्धालुओं के बीच किया वितरण, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर व्रतियों ने की सुख-समृद्धि की कामना

सूरजपुर। लोक आस्था, सूर्य उपासना और अटूट श्रद्धा का महापर्व छठ पूजा सूरजपुर में पूरे भक्तिभाव, उल्लास एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर रेणुका नदी स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। छठी मैया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से पूरा घाट भक्तिमय नजर आया। व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और संतान की दीर्घायु की कामना की।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। व्रतियों ने नहाय-खाय और खरना की परंपरा निभाते हुए निर्जला उपवास रखा। पूजा के दौरान पारंपरिक सूप और दउरा में फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां सजाई गईं। छठ घाट पर श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ व्रत का समापन हुआ।

तीन सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद का भव्य आयोजन

छठ महापर्व के पावन अवसर पर श्री सावरिया सेठ सेवा समिति सूरजपुर द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति भाव से तीन सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद का विशेष आयोजन किया गया। समिति एवं सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से छठी मैया के श्रीचरणों में तीन सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद अर्पित किया गया। इसके पश्चात रेणुका नदी स्थित छठ घाट पर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से प्रसाद ग्रहण किया।

पिछले वर्ष दो सवामणी, इस वर्ष तीन सवामणी का भोग

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष समिति द्वारा दो सवामणी ठेकुआ महाप्रसाद का भोग लगाया गया था, जबकि इस वर्ष सदस्यों एवं सहयोगियों के विशेष सहयोग से तीन सवामणी का आयोजन किया गया। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा भावना का प्रतीक बना।

सेवा कार्यों में आगे भी अग्रणी रहेगी समिति : हर्ष कुमार गुप्ता

समिति के व्यवस्थापक हर्ष कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी सदस्यों एवं सहयोगियों की मेहनत और समर्पण से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समिति भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में इसी तरह अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। देवगढ़ धाम सहित अन्य धार्मिक आयोजनों एवं भंडारों में भी समिति सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

इनका रहा विशेष सहयोग

आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य संदीप पटेल, सूरज सोनी उर्फ चालू, सूरज सोनी, मनोज गुप्ता, मनोज साहू, साहिल गुप्ता, रविकांत कसेरा, प्रियांशु सोनी, विशाल गुप्ता (बिस्सू), विकास गुप्ता (बंटी), आदर्श गुप्ता सहित समिति के संरक्षक एवं पूर्व पार्षद राजेश कुमार गुप्ता, पार्षद गैबीनाथ साहू, राजेश सोनी, राजेश अलंकार एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि विशाल कुमार गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।

अंत में श्री सावरिया सेठ सेवा समिति ने समस्त सहयोगियों, दानदाताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करना ही उनका प्रमुख उद्देश्य है।

 

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई